कांग्रेस प्रत्याशी नातीराजा के साथी की हत्या, गाड़ी से रौंदा, भाजपा प्रत्याशी पटेरिया पर केस
छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा पर गुरुवार रात जानलेवा हमला हुआ। इस दौरान उन्हें बचाने की कोशिश में उनके साथी व ड्राइवर सलमान खान की हत्या कर दी गई। भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया के समर्थकों ने गाड़ी रोक कर नातीराजा पर बंदूक तान दी थी। उन्हें बचाने के लिए सलमान आगे आए तो 20-25 बदमाशों ने उन पर धारदार हथियारों, कुल्हाड़ी और डंडों से वार कर दिया। वे नीचे गिरे तो बदमाशों ने सलमान को गाड़ी से कुचला और भाग निकले। हत्या व प्राणघातक हमले के प्रयास के मामले में खजुराहो थाने में पटेरिया व उनके समर्थकों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास से संबंधित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा सीट पर मतदान से एक दिन पहले यह हमला हुआ। आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया के समर्थक शराब बांट रहे थे। रात को जब इसकी सूचना विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी नातीराजा और उनके समर्थकों को मिली तो वे मौके पर पहुंचे और वहां यह वारदात हुई। नातीराजा और समर्थक हमले में गंभीर रूप से घायल सलमान को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। वहां सलमान की जान बचाने की कोशिश की गई, लेकिन प्रयास विफल रहे। इसके बाद नातीराजा अपने समर्थकों के साथ खजुराहो थाने पहुंचे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया और उनके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया और शिकायत दर्ज कराई। अरविंद पटेरिया खजुराहो सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खास बताए जाते हैं। राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया ने आरोपों का खंडन किया है।पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात लगभग तीन बजे सूचना मिली थी कि रलिया फॉल से तोरिया की तरफ जो रास्ता जाता है, वहां भाजपा के प्रत्याशी अरविंद पटेरिया के साथ कुछ गाड़ियां थीं। कांग्रेस के प्रत्याशी नातीराजा के समर्थक भी अपनी गाड़ियों में थे। इसी दौरान विवाद के बाद हमला किया गया। इसमें सलमान की मौत हो गई।