Home > राज्यो से ,
शिवराज बोले- प्रचार में सबसे आगे तो मैं ही था

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संकेत दिए हैं कि अभी भी मुख्यमंत्री पद पर उनकी दावेदारी कायम है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान में उन्हें पीछे नहीं रखा गया था, बल्कि वे तो सबसे आगे थे। उन्होंने 160 सभाओं को संबोधित किया है। प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान हो चुका है।  पांचों चुनावी राज्यों के नतीजे एक साथ तीन दिसंबर को आएंगे। शिवरज ने एक इंटरव्यू में कहा कि मध्य प्रदेश में तो आगे शिवराज ही था। आदरणीय मोदी जी हमारे नेता हैं। वे मध्य प्रदेश और देश के मन में हैं। पार्टी के कार्यकर्ता के नाते सबसे ज्यादा मेहनत करने वालों में भी मैं ही हूं।  उन्होंने कहा कि बहनें हमारे लिए वोटबैंक नहीं हैं। वे हमारे लिए श्रद्धा का विषय हैं। दुर्गा सप्तशती में कहा गया है कि जितनी भी महिलाएं हैं, वे देवी की मूर्तियां हैं। देवियों की मूर्तियों को मानकर हमने मां, बहन और बेटी का जीवन बदलने का प्रयास किया है। इसी वजह से लाडली बहनों का भरपूर स्नेह और समर्थन भाजपा को मिला है। भाजपा में हम कहां रहेंगे, इसके लिए हम काम नहीं करते। भाजपा एक बड़ा मिशन है। वैभवशाली, गौरवशाली, समृद्ध, संपन्न और शक्तिशाली भारत के निर्माण के मिशन पर हैं। हम यहां इसलिए नहीं हैं कि कौन कहां है और कहां रहेगा? यह सोच ही घटिया होती है। हम इसलिए हैं कि हम कहां पर रहकर अपने मिशन को लाभ पहुंचा सकते हैं। पार्टी अपने हिसाब से रणनीति बनाती है और तय करती है कि कौन कहां रहेगा। 

Share This News :