भाजपा प्रत्याशी को परिणाम से पहले ही बता दिया विधायक, दर्ज हुई एफआईआर
शिवपुरी जिले में हो रहे राम जानकी विवाह महोत्सव कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में पिछोर से भाजपा प्रत्याशी प्रीतम लोधी को विधायक पिछोर बताए जाने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। अब पुलिस ने इस मामले में कार्ड छापने वाले प्रिटिंग प्रेस संचालक पर मामला दर्ज कर लिया है। इस धार्मिक आयोजन के दौरान कार्ड पर पिछोर से भाजपा प्रत्याशी प्रीतम लोधी को विधायक पिछोर बता दिया गया और उनका फोटो प्रकाशित कर उसके नीचे विधायक पिछोर लिखा गया। यह मामला तूल पकड़ा और संबंधित कार्यक्रम के आयोजकगण सवालों के घेरे में आए तो आयोजक मंडल के अतर सिंह लोधी ने इस मामले से पल्ला झाड़ लिया और कहा कि हमने तो पिछोर से भाजपा प्रत्याशी लिखकर दिया तो प्रिंटिंग प्रेस की तरफ से मिस्टेक हुई है। चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण इस तरह आमंत्रण पत्र पर भाजपा प्रत्याशी को विधायक लिखना गलत है। प्रिंटिंग प्रेस संचालक के खिलाफ करैरा तहसीलदार की शिकायत पर अमोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।