संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक, लोकसभा में दर्शक दीर्घा में कूदे दो शख्स, मचा हड़कंप
देश का सबसे सुरक्षित स्थान कहे जाने वाले संसद भवन की सुरक्षा में चूक का एक मामला सामने आया है। संसद पर हमले की बरसी के दिन ही वहां सुरक्षा में बड़ी चूक की घटना सामने आई है। बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो शख्स नीचे कूद गए। सांसदों ने दोनों शख्स को घेर लिया। लोकसभा की सुरक्षा में लगे मार्शल भी तुरंत दौड़कर आए और दोनों को पकड़ लिया। इस घटना के बाद लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक स्थगित करने के बाद अब फिर से शुरू कर दिया गया है। वहीं, कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद सदन में सुरक्षा चूक पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, ''शून्यकाल के दौरान हुई घटना की लोकसभा अपने स्तर पर संपूर्ण जांच कर रही है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस को भी जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। प्राथमिक जांच के अनुसार यह सिर्फ साधारण धुआं था इसलिए यह धुआं चिंता का विषय नहीं है..."।यह घटना बुधवार दोपहर एक बजकर एक मिनट पर हुई। लोकसभा में पीठासीन अधिकारी राजेंद्र अग्रवाल शून्य काल की कार्यवाही को संचालित कर रहे थे। मालदा उत्तर से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू अपनी बात रख रहे थे। तभी दो शख्स दर्शक दीर्घा से नीचे कूद गए।इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस की आतंकवाद रोधी इकाई विशेष सेल उन लोगों से पूछताछ करने के लिए संसद पहुंची, जिन्होंने लोकसभा में सुरक्षा उल्लंघन किया था। इस घटना के मद्देनजर दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी संसद पहुंच गए हैं।
नीले रंग की जैकेट पहना एक युवक शख्स सांसदों की सीट पर कूदने लगा। वह लगभग तीन कतार लांघकर आसन की तरफ जाने लगा। अफरा-तफरी के माहौल के बीच कुछ सांसदों ने हिम्मत दिखाकर उसे घेर लिया। मार्शल भी दौड़कर आ गए। तभी उस युवक ने जूते के अंदर से कुछ पदार्थ निकाला। इसके बाद वहां पीले रंग का धुआं उठने लगा। बाद में सांसदों और मार्शलों ने मिलकर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पीठासीन अधिकारी ने कार्यवाही स्थगित कर दी।देश के सबसे सुरक्षित कहे जाने वाले संसद भवन की सुरक्षा में आज दो-दो चूक की खबरें सामने आईं हैं। पहले मामले में संसद के बाहर से दो लोगों को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया और दूसरे मामला लोकसभा की कार्यवाही के दौरान का है।