गैंगरेप केस के तीनों आरोपियों को BJP ने किया निष्कासित
IIT-BHU में करीब 2 महीने पहले हुए गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों का संबंध बीजेपी से होने और विपक्षियों के हमले के बाद पार्टी एक्शन मोड पर आ गई है. बीजेपी ने तीनों आरोपियों को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. हालांकि बीजेपी ने ये जाहिर नहीं किया कि तीनों आरोपी पार्टी में किस विंग और किस पोस्ट पर थे? लेकिन इतना जरूर बताया है कि तीनों को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है. तीनों आरोपियों को अरेस्ट करने के बाद पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया था. जहां कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वाराणसी बीजेपी जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि निश्चित रूप से नाम आया है, पल्ला झाड़ने के सवाल पर बीजेपी जिलाध्यक्ष ने कहा कि पल्ला झाड़ने की बात नहीं है. इसके बाद उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि आरोपियों को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है. बाकी पार्टी के निर्देश के अनुसार कारवाई होगी. आईआईटी बीएचयू कैंपस में छात्रा से यौन उत्पीड़न के आरोप में तीनों आरोपियों को पुलिस ने 60 दिन बाद दबोचा है. सभी आरोपी वाराणसी के ही रहने वाले हैं. इसके साथ ही पुलिस ने उस बुलेट को भी बरामद कर लिया है, जिसका इस वारदात में इस्तेमाल किया गया था. आरोपियों के नाम कुणाल पांडेय, अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल हैं.