Homeराज्यो से ,
मध्य प्रदेश में पहले चरण में 67 फीसद से ज्यादा मतदान, बीते चुनाव से 8% कम

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनावों के पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया। प्रदेश की छह सीटों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा पर औसतन 66.86 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि अभी अंतिम आंकड़े आना शेष हैं। इसके बाद मतदान प्रतिशत और बढ़ेगा। अभी तक के आंकड़ों को देखें तो पिछले लोकसभा चुनाव से करीब 8 प्रतिशत कम मतदान हुआ है। 2019 के चुनावों में इन छह सीटों पर औसतन 75 फीसदी मतदान हुआ था। बता दें कि सुबह 7 बजे से प्रदेश की छह सीटों पर मतदान शुरू हो गया था। सुबह 9 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक 14.12 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले थे। सुबह 11 बजे ये आंकड़ा 30 प्रतिशत के पार पहुंच गया था। दोपहर 1 बजे तक 44.43 फीसद मतदाता घरों से निकल चुके थे और मतदान कर चुके थे। इसके बाद धूप का असर देखा गया और मतदान की रफ्तार धीमी पड़ गई। तीन बजे तक 53.40 प्रतिशत मतदान हो चुका था। वहीं शाम पांच बजे जारी आंकड़ों में 63.25 फीसद मतदाता वोट डाल चुके थे। चूंकि मतदान 6 बजे तक होना था। चुनाव आयोग के ऐप के मुताबिक शाम 7 बजे तक 66 फीसद मतदान हो चुका था। हालांकि ये अंतिम आंकड़ा नहीं है, इससे संभावना जताई जा रही है कि मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा। पहले चरण में प्रदेश की जिन छह सीटों पर मतदान हुआ है। उसमें सबसे ज्यादा मतदान छिंदवाड़ा में हुआ है। यहां करीब 80 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया है। वहीं सबसे कम वोटिंग सीधी लोकसभा सीट पर हुई है। यहां करीब 54 प्रतिशत मतदान हुआ है। 

 
 

Share This News :