Homeराज्यो से ,
MP : दूसरे चरण की 6 सीटों पर शुक्रवार को मतदान

मध्य प्रदेश में दूसरे चरण की 6 लोकसभा सीटों टीकमगढ़, दमोह, खजराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद में शुक्रवार को मतदान होगा। इसमें टीकमगढ़ सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। इन सीटों पर 80 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें 75 पुरुष, चार महिला और एक दमोह सीट पर दुर्गा मौसी थर्ड जेंडर चुनाव लड़ रही हैं। सबसे ज्यादा 19 प्रत्याशी सतना और सबसे कम 7 प्रत्याशी टीकमगढ़ से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि सभी 6 सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान शुरू होने के 90 मिनट पहले मॉक पोल होगा। दूसरे चरण में 1 करोड़ 11 लाख 62 हजार 460 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसमें 58 लाख 32 हजार 333 पुरुष मतदाता और 53 लाख 29 हजार 972 महिला मतदाता और 155 थर्ड जेंडर वोटर हैं। दूसरे चरण की 6 सीटों पर 18 से 19 साल के तीन लाख 29 हजार 317 मतदाता है। वहीं, 20 से 29 साल के 27 लाख 8 हजार 903 मतदाता हैं। इसमें सेवा मतदाता 13 हजार 230 है। वहीं, 100 से ज्यादा उम्र के 1108, अप्रवासी मतदाता 1, 85 साल की उम्र से अधिक 64 हजार 703 और दिव्यांग मतदाता 1 लाख 18 हजार 167 मतदाता है। द्वितीय चरण में 85 साल उम्र से अधिक के 5,691 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट और दिव्यांग मतदाताओं में 2181 ने होम वोटिंग की सुविधा का लाभ उठाया। 

 
 
 
 

Share This News :