गहलोत बता गए मोदी के 400 पार का गणित, बोले- संविधान को बचाना है तो भाजपा को हटाना है
दिग्विजय सिंह किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं, वर्ष 1977 में जब कांग्रेस के खिलाफ आंधी चल रही थी, इंदिरा गांधी तक चुनाव हार गयी थी। लेकिन दिग्विजय सिंह जीते थे। आज देश का सबसे पवित्र ग्रंथ भारत के संविधान को बचाना है तो भाजपा को हटाना बहुत जरूरी है। पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते थे कि हम काला धन वापस लाएंगे, फिर कहने लगे कांग्रेस मुक्त भारत बनाएंगे, अब कहते हैं कि अबकी बार 400 पार। सरकार तो 272 सीट जीतने पर ही बन जाती है तो मोदी जी को 400 का आंकड़ा ही क्यों चाहिए? क्योंकि यही वो आंकडा है, जिससे संविधान बदला जा सकता है। उक्त आरोप प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह के समर्थन में विशाल आमसभा को संबोधित करने सारंगपुर पहुंचे राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मोदी सरकार पर लगाए। उन्होंने मंच से दिग्विजय सिंह की उपलब्धियां भी गिनाई।वहीं, सभा को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा कि भाजपा का नाम तो दूर की बात है, चुनावी पोस्टर पर उनके प्रत्याशी तक की फोटो नजर नहीं आ रही है। क्योंकि मोदी सिर्फ खुद के नाम पर ही चुनाव लड़ना चाहते हैं। संविधान की व्यवस्था यह कहती है कि हम सांसद को ओर सांसद प्रधानमंत्री को चुनता है। लेकिन हालात ऐसे बन गए हैं, जहां लोकतंत्र की धज्जियां उडाई जा रही हैं। भाजपा प्रत्याशी कहते घुम रहे हैं कि मेरी गलतियों को नजरअंदाज कर सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी को देखकर वोट कीजिए, भाजपा कि यह कैसी व्यवस्था है। जहां प्रत्याशी के चेहरे पर नहीं सिर्फ एक ही चेहरे पर वोट मांगा जा रहा है।