निगम इंजीनियर पर 25 हजार का इनाम, 28 करोड़ के घोटाले में तलाश रही पुलिस
इंदौर नगर निगम के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अभय राठौर पर इनाम राशि बढ़ाकर 25 हजार कर दी गई है। निगम में हुए 28 करोड़ रुपए के फर्जीवाड़े में राठौर की तलाश है। राठौर शासकीय फाइलों में चालाकी से फर्जीवाड़ा करता था। स्वीकृत ठेकों की राशि में हेराफेरी कर लाखों की राशि को करोड़ों कर देता था। इसके बाद इनके चेक बनवा लेता था। पुलिस ने 35 से ज्यादा फाइलों में यह फर्जीवाड़ा पकड़ा है। पुलिस आयुक्त राकेश गुप्ता ने यह इनाम घोषित किया है।वहीं जांच कर रहे डीसीपी जोन तीन पंकज पांडे के मुताबिक इसी केस में पकड़ाए आरोपी राजकुमार सालवी (बर्खास्त लिपिक) ने पूछताछ में बताया कि अभय राठौर (फरार ईई) ऐसी फाइलें ढूंढता था जिनमें कार्य स्वीकृत हो चुके थे। इसके बाद वह उनके वर्क आर्डर बदल देता था। नगर निगम से जब्त फाइलों की जांच में कई जगह हेराफेरी पकड़ में आई है। पांडे ने बताया कि वह राशि के अंकों में हेराफेरी कर करोड़ों रुपए कर लेता था। सालवी आडिट शाखा के कर्मचारी मुरलीधरन करता की सहयता से फर्जी फाइलें आडिट शाखा में जमा करवा देता था।