Homeअपना शहर ,
रात्रि गश्त को निकले पुलिसकर्मियों के वाहन के उड़े परख्च्चे, चौकी प्रभारी की हुई मौत, दो घायल

खरगोन जिले के भीकनगांव थाना अंतर्गत आने वाली बमनाला पुलिस चौकी के प्रभारी सहित रात्रि गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों का वाहन देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में चौकी प्रभारी संजय पांडे की गंभीर हालत के चलते इलाज के लिए इंदौर ले जाते समय मौत हो गई। उनके दो अन्य सहकर्मी घायल हैं। उनका फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक और एडिशनल एसपी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चौकी प्रभारी की मौत की पुष्टि की।खरगोन जिले में हो रही हल्की बारिश के बीच बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात रात्रि गश्त पर निकले भिकनगांव थाना अंतर्गत आने वाली बमनाला चौकी का एक वाहन चौकी से करीब दो किलोमीटर दूर जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चौकी के रात्रि गश्त कर रहे मोबाइल वैन में चौकी प्रभारी संजय पांडे के साथ ही दो अन्य सहकर्मी, जिनमें आरक्षक विशाल सोलंकी और चालक हरीश सिंह चौहान भी शामिल थे, गश्त पर निकले थे। इस दौरान आगे चल रहे एक ट्रक से उनका वाहन पीछे से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि पुलिस वाहन के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। गंभीर चोट के चलते चौकी प्रभारी संजय पांडे को इंदौर के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि, इंदौर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।इस घटना में घायल हुए कांस्टेबल विशाल सोलंकी और चालक हरीश सिंह चौहान का फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज जारी है। देर रात हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना और एएसपी तरुणेंद्र सिंह बघेल भी जिला अस्पताल पहुंचे। चौकी प्रभारी की मौत की पुष्टि एएसपी बघेल ने की। चौकी प्रभारी पांडे लंबे समय तक बड़वानी जिले के वरला, सेंधवा शहर और ग्रामीण थाने में भी पदस्थ रह चुके हैं।

 

 

 
 
 
 
 

Share This News :