पीएम समेत BJP नेताओं ने प्रभात झा के निधन पर जताया दुख, मोदी बोले- उनकी कार्यशैली को करीब से देखा
मध्य प्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रभात झा का गुरुवार सुबह 5 बजे गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा,ज्योतिरादित्य सिंधिया , मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत कई दिग्गज नेताओं ने शोक व्यक्त किया।
पीएम मोदी बोले- उनकी कार्यशैली को करीब से देखा
पीएम मोदी ने एक्स कर लिखा- भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद प्रभात झा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। मैंने उनकी कार्यशैली को बहुत करीब से देखा है कि संगठन को सशक्त बनाने में उन्होंने किस प्रकार सक्रिय भूमिका निभाई। जनसेवा के अपने कार्यों के साथ ही उन्होंने पत्रकारिता और लेखन के क्षेत्र में भी अमूल्य योगदान दिया। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स कर लिखा- वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभात झा जी का निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। राष्ट्र व संगठन को निःस्वार्थ भाव से अपना सर्वस्व अर्पण करने वाले प्रभात झा जी ने मध्य प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में हमेशा जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाया। दुःख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
जीवन जनसेवा और संगठन को समर्पित रहा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक्स कर लिखा- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका संपूर्ण जीवन जनसेवा और संगठन को समर्पित रहा। उनका जाना भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं, ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें और दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। सीएम बोले- प्रख्यात लेखक और राष्ट्रवादी विचारक भी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ नेता प्रभात झा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, "प्रभात झा एक सजग जनप्रतिनिधि के साथ ही प्रख्यात लेखक और राष्ट्रवादी विचारक भी थे। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया, जिनमें राज्यसभा सदस्य और मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण रही।" मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि झा ने अपने राजनीतिक जीवन में मीडिया के साथ आवश्यक समन्वय को हमेशा प्राथमिकता दी। वे निरंतर अध्ययन करते रहते थे और संगठन को सशक्त बनाने के लिए यादगार सेवाएं दीं। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से स्वर्गीय प्रभात झा की आत्मा की शांति और उनके परिजनों, प्रशंसकों और विशाल मित्र समूह को यह दुख सहन करने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की है।
संगठन और समाज के साथ मेरी व्यक्तिगत अपूर्णीय क्षति- तोमर
मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रभात झा के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। तोमर ने कहा, "प्रभात जी का निधन संगठन एवं समाज के साथ ही मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से अपूर्णीय क्षति है। हमारे संबंध सदैव अत्यधिक आत्मीय एवं प्रगाढ़ रहे हैं। प्रदेश में संगठन के कार्य करते हुए मैं हमेशा प्रभात जी से चर्चा और सलाह लेता रहा हूं। प्रभात जी लेखनी के धनी थे और उनके आलेख विचारोत्तेजक होते थे।" तोमर ने राष्ट्र-सेवा में आजीवन समर्पित रहे कर्मठ व्यक्तित्व प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों व समर्थकों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है।
उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन संगठन को समर्पित कर दिया
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- प्रभात जी ने अपना संपूर्ण जीवन संगठन के लिए समर्पित कर दिया। मध्य प्रदेश संगठन के विस्तार और उसे सुदृढ़ बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। समय-समय पर मुझे उनका मार्गदर्शन और स्नेह मिलता रहा है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि।