कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने इन्वेस्टर मीट के कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
ग्वालियर में आगामी 28 अगस्त को प्रस्तावित इन्वेस्टर मीट के लिये संभावित आयोजन स्थल कृषि विश्वविद्यालय का कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने सोमवार की शाम को अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं के संबंध में एमपीआरडीसी के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की और उनके द्वारा तैयार किए गए प्रजेण्टेशन को भी देखा।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कृषि विश्वविद्यालय के परिसर में आयोजन की रूपरेखा को समझा। इसके साथ ही आने वाले अतिथियों एवं औद्योगिक प्रतिनिधियों के वाहन पार्किंग और उनकी सुरक्षा, खानपान आदि के सबंध में भी विस्तार से चर्चा की। सभागार के विभिन्न कक्षों में आयोजित होने वाले समूह चर्चा के संबंध में तैयार किए गए कार्यक्रम के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने ग्वालियर में आयोजित होने वाले इन्वेस्टर मीट के संभावित स्थल के निरीक्षण के पश्चात बताया कि इसकी विस्तृत रिपोर्ट शासन स्तर को भेजी जायेगी, ताकि कार्यक्रम का निर्धारण शासन स्तर से हो सके।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने भी आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था और आयोजन दिवस पर शहर की यातायात व्यवस्था के संबंध में विस्तार से चर्चा की। विभागीय अधिकारियों को इसकी सम्पूर्ण तैयारी करने के दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री हर्ष सिंह, सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती नीतू माथुर, एडीएम श्री टी एन सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं एमपीआरडीसी के अधिकारी भी उपस्थित थे।