बिजली बिल के नाम पर ठगी, ऊर्जा मंत्री तोमर ने लोगों को साइबर जालसाज से किया सतर्क
भोपाल | राज्य सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रदुमन सिंह तोमर ने जनता से सलाह दी है कि वे साइबर जालसाजों से सावधान रहें। दरअसल, विद्युत वितरण कंपनी के संज्ञान में आया है कि साइबर जालसाजों द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को एसएमएस, वाट्सएप मैसेज अथवा आईव्हीआर तकनीक से फोन काल पर कोई नंबर दबाने के लिए कहा जाता है।
भय दिखाते हैं कि आपकी बिजली कुछ घंटों बाद काट दी जाएगी, इसके लिए बिल भुगतान करने विशेष नंबर दबाएं अथवा मोबाइल नंबर विशेष पर संपर्क कर बकाया राशि जमा कराएं। इसी के बहाने ठगी की जाती है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बिजली उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे साइबर जालसाजों से सावधान रहें। साथ ही कहा है कि इस प्रकार के एसएमएस, वाट्सएप मैसेज एवं आईव्हीआर फोन काल फर्जी हैं, इन पर ध्यान न दिया जाए।
अधिकृत भुगतान केंद्रों से करें भुगतान
मंत्री ने अपील की है कि वे अपने बिजली बिलों का नगद भुगतान कंपनी के जोन, वितरण केंद्र कार्यालय, एटीपी मशीन अथवा अधिकृत भुगतान केंद्रों जैसे एमपी ऑनलाइन, कामन सर्विस सेंटर पर ही करें।
उपभोक्ताओं को बिजली बिलों के कैशलेश भुगतान हेतु कंपनी के पोर्टल (नेट बैंकिंग, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, यूपीआई, कैश कार्ड एवं वालेट आदि) फोन पे, अमेजान पे, गूगल पे, पेटीएम एप, वाट्सएप पे एवं मोबाइल एप के माध्यम से भी बिल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।