Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
विधायक के बेटे का कटा 29 हजार रुपए का चालान, महाकाल लोक में लेकर घुसा था कारों का काफिला

नागपंचमी पर महाकालेश्वर मंदिर परिसर में देवास से भाजपा विधायक का बेटा वाहनों के काफिले के साथ महाकाल महालोक में घुस गया था। कारों को भीतर घुसते देख मौके पर मौजूद कलेक्टर व एसपी ने उन्हें जब्त करवा दिया था। तीन कारों पर 29 हजार पांच सौ रुपये की चालानी कार्रवाई कर छोड़ दिया गया।

महाकाल महालोक के नंदी द्वार से प्रवेश

नागपंचमी पर पुलिस द्वारा यातायात के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिक्षेत्र के अधिकांश मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित था, वहीं कुछ मार्ग एकांकी थे। बावजूद इसके देवास से बीजेपी की विधायक गायत्री राजे का बेटा विक्रम सिंह सुरक्षा इंतजामों को दरकिनार करते हुए वाहनों के काफिले के साथ महाकाल महालोक के नंदी द्वार से भीतर प्रवेश कर गया था।

कलेक्टर व एसपी ने जब्त करवाई कार

एक साथ तीन कारों को भीतर आते देख मौके पर मौजूद कलेक्टर नीरज कुमार सिंह व एसपी प्रदीप शर्मा ने तुरंत गाड़ियों को रुकवाया तथा चालकों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद वाहनों को जब्त कर यातायात थाने भेज दिया था। यहां तीनों कारों पर 29 हजार पांच सौ रुपये का चालान बनाया गया है। इसके बाद वाहनों को छोड़ दिया गया।

Share This News :