नपा अध्यक्ष के अविश्वास को लेकर पार्षद पहुंचे कलेक्टर के पास, कांग्रेस अपने पार्षदों पर लेगी एक्शन
टीकमगढ़ नगर पालिका में फिलहाल सब ठीक नहीं चल रहा। अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी हो रही है। इसका पत्र लेकर कलेक्टर ऑफिस पहुंचे पार्षदों में कांग्रेसी पार्षद भी थे। कांग्रेस के जिला कार्यवाहक अध्यक्ष ने ऐसे कांग्रेसी पार्षदों को चेतावनी जारी की है।
टीकमगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष गौरव शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ के अध्यक्ष के अविश्वास में जो पार्षद शामिल हुए हैं। उनके खिलाफ पार्टी कार्यवाही करेगी। बता दें कि मंगलवार सुबह टीकमगढ़ नगर पालिका के अध्यक्ष पप्पू मलिक के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के 10 और तीन निर्दलीय और 6 कांग्रेस के पार्षद कलेक्टर के पास अविश्वास प्रस्ताव लेकर पहुंचे हैं। जहां पर अभी उनके बयान दर्ज किया जा रहे हैं जिसको लेकर के कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष कार्यवाहक अध्यक्ष ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जो कांग्रेस के 6 पार्षद अविश्वास प्रस्ताव में शामिल हुए हैं उनके खिलाफ पार्टी कार्यवाही करेगी।
कांग्रेस के हैं नगर पालिका अध्यक्ष
टीकमगढ़ नगर पालिका में 2 वर्ष पूर्व हुए नगरीय चुनाव में कांग्रेस के अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू मलिक कांग्रेस पार्टी के नगर पालिका अध्यक्ष चुने गए थे। 27 वार्ड वाली टीकमगढ़ नगर पालिका में 10 भाजपा तीन निर्दलीय और 14 कांग्रेस के पार्षद चुनाव जीतकर आए थे। 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर मंगलवार की सुबह 19 पार्षद अपने शपथ पत्रों के अनुसार टीकमगढ़ कलेक्टर के पास पहुंचे हैं और अविश्वास प्रस्ताव के लिए कलेक्टर को आवेदन पेश किया है। समाचार लिखे जाने तक कलेक्टर के चेंबर में 19 पार्षदों की बयान दर्ज किया जा रहे हैं।