क्वारी नदी में डूबे युवक को निकालने गए 4 लोग बहे, 2 SDRF जवान अभी भी लापता
भिंड। देहात थाना क्षेत्र के कचौंगरा में स्थित क्वारी नदी में पालतू मवेशी को निकालते समय पानी में डूबने से युवक की मौत हो गई। युवक को निकालने के लिए गए ग्रामीण व एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) के जवानों की बोट अनियंत्रित हो गई, जिससे सभी बह गए। ग्रामीण और एक जवान को निकाल लिया गया, जबकि दो जवान लापता हैं।
डैम में डूबा युवक
कचौंगरा में रहने वाले 43 वर्षीय विजय कुशवाह बुधवार की दोपहर तीन बजे अपने घर से महज 400 मीटर की दूरी पर क्वारी नदी पर बने स्टाप डेम के पास पालतू मवेशियों को चराने के लिए गया था। एक मवेशी स्टापडेम में फंस गया। फंसे हुए मवेशी को बाहर निकालने के लिए विजय के भाई सुनील व गांव के नीलेश व मदन ने प्रयास शुरू कर दिए।
बोट अनियंत्रित होकर नदी में बही
विजय डेम में गहराई की तरफ चला गया और डूब गया। विजय की तलाश में ग्रामीण दिनेश भदौरिया, एसडीआरएफ के जवान प्रवीण कुशवाह, हरदास चौहान और राहुल शर्मा नदी में उतरे। तेज बहाव के चलते उनकी बोट अनियंत्रित हो गई। इससे चारों लोग नदी में बहने लगे। ग्रामीण दिनेश भदौरिया झाड़ियों में फंस गया।
एक जवान को बचाया
एसडीआरएफ और देहात थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दिनेश भदौरिया और राहुल शर्मा को किसी तरह बचा लिया लेकिन एसडीआरएफ के जवान प्रवीण कुशवाह और हरदास चौहान पानी में बह गए। एसपी डा. असित यादव मौके पर पहुंच गए।
दो का सुराग नहीं
पानी में बहे जवानों की तलाश में एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू चलाया, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू को रोकना पड़ा। उधर इससे पहले विजय कुशवाह को डेम से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।