Homeअपना शहर ,
8 वर्ष से गुम शख्‍स मामले की जांच के लिए SIT का गठन, आईजी अभय सिंह होंगे प्रमुख

भोपाल। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सुर्खियों में आए सागर के मान सिंह पटेल मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है। भोपाल के आईजी (ग्रामीण) अभय सिंह के नेतृत्व में बनी एसआइटी में सीहोर एसपी मयंक अवस्थी और पुलिस मुख्यालय में पदस्थ आईपीएस अधिकारी अनुराग सुजानिया को सम्मिलित किया गया है।उल्‍लेखनीय है कि कोर्ट ने बुधवार को इस मामले में मध्‍य प्रदेश के डीजीपी को एसआईटी का गठन करने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा था कि एसआईटी में सभी सीधी भर्ती के आईपीएस अधिकारी होने चाहिए।

उल्लेखनीय है कि सागर के रहने वाले मान सिंह वर्ष 2016 से लापता हैं। उनके बेटे सीताराम ने आरोप लगाया था कि जमीन विवाद के चलते मंत्री  गोविंद सिंह राजपूत  पर गायब कराने का संदेह है। हाल ही में इस मामले में राजनीति गरमाने पर गोविंद सिंह राजपूत  ने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की गलत व्याख्या की जा रही है।

मंत्री  गोविंद सिंह राजपूत  के अनुसार वे गलत प्रचार करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करेंगे। मान सिंह की गुमशुदगी मामले में ओबीसी महासभा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी। इस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने एसआइटी गठन के साथ ही विवादित जमीन के राजस्व रिकाॅर्ड की जांच कराने के लिए कहा था।

 

 

Share This News :