पाकिस्तान को मात देकर गद गद हुए कप्तान शांतो
बांग्लादेश ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। बांग्लादेश ने मेजबानों को 10 विकेट से हरा दिया। इस जीत के बाद बांग्लादेश के कप्तान नाजमुल हुसैन शांतो ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
रावलपिंडी में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 10 विकेट से हरा दिया। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने पहली पारी में छह विकेट पर 448 रन बनाकर पारी घोषित की थी। जवाब में बांग्लादेश ने 565 रन बनाए और 117 रन की बढ़त हासिल की। बांग्लादेश ने दूसरी पारी में पाकिस्तान को 146 रन पर समेट दिया। 30 रन के लक्ष्य को बांग्लादेश ने 10 विकेट रहते हासिल कर लिया।
शांतो ने दिया देशवासियों को तोहफा
शांतो ने कहा कि यह जीत उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस दौरान उन्होंने पिछले दिनों बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन पर भी बात की। उन्होंने कहा- यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण जीत है क्योंकि पिछले महीने बांग्लादेश में हमारे लिए परिस्थितियां कठिन थी। वहां अब भी कुछ समस्याएं हैं, लेकिन बांग्लादेश में हम एक-दूसरे का समर्थन करते हैं और मुझे खुशी है कि इस जीत से उनके चेहरे पर थोड़ी मुस्कान आई है।
कब खेला जाएगा दूसरा टेस्ट?
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा और आखिरी टेस्ट 30 अगस्त से रावलपिंडी में खेला जाएगा। शांतो ने आगे कहा- हम अपने प्रदर्शन से खुश हैं और हम दूसरे मैच में भी अपने लोगों को और अधिक खुशी देना चाहते हैं। यह हमारे लिए विशेष जीत थी, विशेषकर यह देखते हुए कि हमने यहां की गर्म परिस्थितियों और पिच के साथ कैसे तालमेल बिठाया।
बांग्लादेश की टीम ने इतिहास रचा
बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सबसे पहला टेस्ट 29 अगस्त 2001 से खेला गया था। करीब 23 साल में यह पहली बार है जब बांग्लादेश ने पाकिस्तान को टेस्ट में हराया है। इस बीच दोनों देशों के बीच 14 टेस्ट खेले गए हैं और 12 टेस्ट पाकिस्तान ने जीते हैं। एक बांग्लादेश ने जीता है और एक टेस्ट ड्रॉ रहा है। वहीं, पाकिस्तान की यह अपने घर में एक और शर्मनाक हार है। टीम चार मार्च 2022 के बाद अपने घर में नौ टेस्ट खेल चुकी है और पांच मुकाबले हार चुकी है। चार टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।