दलित महिला और बच्चे को टीआई ने लाठी से पीटा, बाल खींचकर जमीन पर पटका, टीआई को हटाया
मध्यप्रदेश के कटनी जिले में दलित महिला और उसके 15 वर्षीय बच्चे को एक महिला टीआई ने कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा। लाठियों से दोनों की पिटाई की गई। बाल खींचकर जमीन पर पटका गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने सीएम को घेरते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। बाद में आरोपी जीआरपी टीआई को हटा दिया गया है।जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो करीब 10 माह पहले का बताया जा रहा है। जिसमें कटनी जीआरपी टीआई अरुणा वाहने द्वारा 10 हजार इनामी कुख्यात बदमाश दीपक वंशकार की जानकारी जुटाने के लिए उसकी दलित मां कुसुम वंशकार और नाबालिग बेटे दीपराज वंशकार को पूछताछ के लिए थाना लाया था। इसी दौरान जीआरपी टीआई अरुणा वाहने द्वारा अपने कक्ष में ले जाकर दलित महिला कुसुम और 15 वर्षीय बच्चे से डंडे से बेदम मारपीट कर डाली है। घटना का पूरा वीडियो प्रभारी के लगे शासकीय कैमरे में कैद हो गया जो अब वायरल हो रहा है।