पंचायत सचिव की घिनौनी हरकत, नाबालिग छात्राओं को दिखाए अश्लील वीडियो, गिरफ्तार
ग्वालियर के आंतरी थाना इलाके में एक पंचायत सचिव की घिनौनी करतूत सामने आई है। पंचायत सचिव ने ट्यूशन पढ़ने पहुंचीं नाबालिग छात्राओं को बरगलाकर कचहरी मैदान में अपने मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाए। डरी और सहमी लड़कियों ने घर जाकर यह बात अपने परिजनों को बताई तो बच्चियों के पिता ने अधिकारियों और पुलिस को शिकायत की। कलेक्टर ने इसकी जांच कराई और आरोपी पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया। आरोपी को पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार कर लिया है।
आंतरी थाना इलाके में यहां के पड़ोस के गांव से कुछ छात्राएं ई-रिक्शा से ट्यूशन पढ़ने के लिए आंतरी आती हैं। उनका ऑटो कचहरी मैदान में खड़ा रहता है। विगत दिनों जब बच्चियां ऑटो की तरफ जा रही थीं तभी कचहरी मैदान में पहले से खड़े आरोपी व्यक्ति ने उनसे बातचीत करके बहलाना शुरू कर दिया। आरोपी उन्हें अपना मोबाइल फोन दिखाने लगा। बातों में उलाझकर आरोपी छात्राओं को अश्लील फिल्म दिखाने लगा। आरोपी की इस हरकत से छात्राएं एकदम डर और सहम गईं। उन्होंने घर पहुंचकर सारी बात बताई। परिजन पता करने पहुंचे तो पता चला कि यह घिनौना काम करने वाला व्यक्ति ग्राम पंचायत कैथी में कार्यरत पंचायत सचिव राकेश शर्मा है। परिजनों ने इसकी शिकायत सरपंच और पुलिस से की।सरपंच ने इसकी जानकारी तत्काल सीईओ जिला पंचायत को दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार ने सचिव राकेश शर्मा को निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ पुलिस थाना आंतरी में एफआईआर भी दर्ज कराई। सीईओ ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिव राकेश शर्मा द्वारा गत 29 अगस्त को कचहरी मैदान आंतरी में छात्राओं को अश्लील फिल्म दिखाने संबंधी शिकायत सामने आई थी। इसकी जांच जनपद पंचायत भितरवार के सीईओ के माध्यम से कराई गई। जनपद पंचायत सीईओ से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार ने राकेश शर्मा को मध्यप्रदेश पंचायत सेवा अनुशासन तथा अपील नियम 2011 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एडिशनल एसपी ग्रामीण निरंजन शर्मा ने बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस के साथ पॉक्सो और विभिन्न कानूनों के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।