ग्वालियर अंचल में 32 दिन में शहर में 787 मिमी हुई बारिश -तिघरा लबालब -अब गेट खुलने का इंतजार
ग्वालियर। मानसून के सीजन के 90 दिन बीत चुके हैं। इस दौरान शहरी क्षेत्र और घाटीगांव में सर्वाधिक 32-32 दिन वर्षा हुई। इस दौरान शहर में जहां 787 मिमी, तो घाटीगांव में अभी तक सर्वाधिक 918 मिमी वर्षा हुई है। इसके बाद भितरवार और चीनौर में 28-28 दिन वर्षा के रहे। भितरवार में मानसून मेहरबान रहा, जिसके कारण 693.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, तो वहीं चीनौर में सिर्फ 471.6 मिमी बारिश ही हुई है।
डबरा में सबसे कम 27 दिन बारिश के रहे और इस दौरान 684 मिमी पानी गिरा है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों अगस्त माह में ज्यादा वर्षा हुई है। अगस्त में भितरवार में 394, चीनौर में 251, डबरा में 388 और घाटीगांव में 422 मिमी बारिश हुई, लेकिन शहरी क्षेत्र में जुलाई में ही मानसून ज्यादा मेहरबान रहा। जुलाई में जहां शहर में 334 मिमी वर्षा हुई थी, तो वहीं अगस्त में यह सिर्फ 307 मिमी पर सिमटकर रह गई।
तिघरा लबालब होने के करीब
शहर की लाइफ लाइन तिघरा जलाशय लबालब होने के करीब है। 31 अगस्त की शाम तक तिघरा जल स्तर 738.60 फीट हो चुका है। तिघरा को 739 फीट तक भरा जाता है। इसके बाद तिघरा के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी को छोड़ा जाता है।
पिछले कई वर्षों में अगस्त माह तक तिघरा का फुल टैंक लेवल तक पहुंचना अच्छी खबर है। जल संसाधन विभाग का कहना है कि इस वर्ष तिघरा के गेट खोले जा सकते हैं। इसके लिए शहरवासियों को बेसब्री से इंतजार हैं।