मृतकों की अंत्येष्टि में शामिल हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, दतिया में आज हुआ था यह बड़ा हादसा
ग्वालियर (विनय शर्मा) : मध्यप्रदेश में हो रही लगातार 30 घंटो की बारिश के चलते दतिया में किले की दीवार गिर गई जिस कारण 7 लोग की मौत हो गई और कुछ लोग ज़ख्मी भी हुए। इस हादसे की जानकारी मिलते ही मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मौके पर पहुंचे और तुरंत मुख्यमंत्री मोहन यादव से संपर्क साधा व उन्होंने पूरी घटना से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को चार चार लाख रुपए की सहायता राशि देने की बात कही। पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया व परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त की। इसके साथ ही नरोत्तम मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और मृतकों की अंत्येष्टि में भी शामिल हुए, उन्होंने कहा कि "ईश्वर सभी दिवंगतों को अपने चरणों में स्थान दें व शोक संतप्त परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें"।