Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया का राहुल पर जुबानी हमला 'कांग्रेस ने अंबेडकर को नीचा दिखाकर चुनाव हरवाया था, ये दलित विरोधी हैं'

केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एक दिवसीय दौरे पर ग्वालियर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कई अहम मुद्दों पर बात की। एक ओर जहां उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने ग्वालियर में होने जा रहे टी-20 इंटरनेशनल मैच को लेकर भी ख़ुशी जताई है।

वहीं, क्रिकेट के क्षेत्र में आखिरकार 14 साल बाद ग्वालियर का वनवास ख़त्म हो रहा है। यह बात केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर प्रवास के दौरान कही। लंबे समय से बंद पड़े क्रिकेट स्टेडियम के बाद नया स्टेडियम बनकर तैयार है। 30 हज़ार की सीटिंग कैपेसिटी के साथ इसका उद्घाटन हो चुका है और आने वाले अक्तूबर महीने को ग्वालियर में भारत-बांग्लादेश के बीच टी-20 क्रिकेट मैच आयोजित होने वाला है, जिसको लेकर MPCA और BCCI तैयारियों में जुटे हुए हैं।

ग्वालियर प्रवास पर आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस बारे में चर्चा करते हुए कहा है कि ग्वालियर का नया स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। स्टेडियम में 30 हज़ार लोगों के बैठने की क्षमता है। ग्वालियर ने 14 साल क्रिकेट के क्षेत्र में इंतजार किया है और अब यह वनवास आने वाले छह अक्तूबर को ख़त्म होने जा रहा है।

राहुल गांधी पर निशाना

वहीं, राहुल गांधी द्वारा आरक्षण खत्म करने वाले बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, राहुल गांधी ने खुद विदेश जाकर बयान दिया है कि अगर उनकी सरकार बनी तो भारत में आरक्षण खत्म कर देंगे। इसलिए वे दलित आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के भाई-बहनों को सचेत करना चाहते हैं, जब कांग्रेस सत्ता में आई थी, उस दौरान जब बाबा साहब अंबेडकर जीवित थे, कांग्रेस ने उन्हें नीचा दिखाने का काम किया था। चुनाव में उन्हें हरवाया था और उन्हें हराने वाले को सम्मानित किया था। लेकिन जब देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में और हमारे प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में भी बाबा साहब अंबेडकर का सम्मान किया गया।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदिवासी गरीब और पिछड़ा वर्ग को आगे बढ़ाने की बात करते हैं। हाल ही में मोदी कैबिनेट ने जनमन योजना को हरी झंडी दी है, जिसके द्वारा 80 हज़ार करोड़ की स्वीकृति के साथ देश के एक-एक आदिवासी गांव को मूलभूत सुविधाओं और विकास की गति देने के लिए ख़र्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक ओर बीजेपी देश को आगे बढ़ाने की बात करती है और राहुल गांधी कहते हैं कि वे आरक्षण ख़त्म कर देंगे। इसलिए दलित आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के भाई बहन से मैं कहना चाहूंगा कि अब जागने का समय आ गया है और हमें साथ मिलकर कांग्रेस से लड़ना होगा। लगता है कि कांग्रेस समाप्त हो जाएगी।

Share This News :