भाजपा विधायक के साथ धोखाधड़ी, पांच लोगों पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिवपुरी से भाजपा विधायक देवेंद्र जैन की तेन्दू पत्ता फर्म के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल और उत्तरप्रदेश की तेन्दू पत्ता खरीदने वाली दो फर्मों ने विधायक की फर्म से 15 लाख 45 हजार रुपए की धोखाधड़ी की है। विधायक के मुनीम की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया है।शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन के मुनीम केदार शर्मा के मुताबिक पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में रहने वाले सुकीर्ती और शानू कपाड़िया ने 12 लाख 83 हजार 250 रुपए के 350 तेन्दू पत्ता बैग खरीदे थे। इसके अतिरिक्त दो लाख 50 हजार रुपए नगद उधार लिए थे। बाद में दोनों ने फर्म को 7 लाख 16 हजार 745 रुपए वापस कर दिए थे, लेकिन बाकी 8 लाख 16 हजार 765 रुपए फर्म को वापस नहीं लौटाए। इसी प्रकार आजादनगर सदर प्रतापगढ़ की वानिया ट्रेडर्स की फर्म के नाम से सलीम खान, कलीम खान और तनवीर ने 19 लाख 78 हजार 897 रुपए के तेन्दू पत्ता के 380 बैग खरीदे थे। बाद में तीनों ने 12 लाख 50 हजार रुपए फर्म के खाते में जमा कर दिए, लेकिन 7 लाख 28 हजार 897 रुपए नहीं लोटाए।तेन्दू पत्ता खरीदने वाले पांचों व्यापारियों ने कुल 15 लाख 45 हजार रुपए नहीं लौटाए। बता दें कि विधायक देवेंद्र जैन के मुनीम केदार शर्मा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने एक एफआईआर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद रहने वाले सुकीर्ती और शानू कपाड़िया के खिलाफ दर्ज की है। वहीं दूसरी एफआईआर सलीम खान, कलीम खान और तनवीर के नाम दर्ज की है।