ऋषभ पंत को रोकने के लिए क्या होगी ऑस्ट्रेलिया की रणनीति?
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन इस साल के अंत में भारत के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए तैयार हैं। बॉर्डर-गावस्कर सीरीज से पहले लियोन ने पंत के आक्रामक रवैये को लेकर अपनी राय व्यक्त की और भारत के इस विकेटकीपर बल्लेबाज के खिलाफ अपने गेम प्लान का खुलासा किया। इस ऑफ स्पिनर ने बताया कि वह पंत को क्रीज से बाहर निकलने का मौका नहीं देंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के दौरान पंत भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित होंगे। पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम इस बात से पूरी तरह अवगत है कि पंत उनके लिए कितनी बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज की शुरुआत 22 नवंबर से पर्थ टेस्ट से होगी।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में 530 विकेट लेने वाले 36 वर्षीय लियोन ने एक स्पोर्ट्स चैनल से कहा, हमें पंत जैसे बल्लेबाज के खिलाफ गेंदबाजी करनी होगी जो काफी आक्रमक बल्लेबाजी करते हैं। उनके पास दुनिया का सभी कौशल है। पंत के लिए गेंदबाजी करते समय गलती की कोई गुंजाइश नहीं होती, इसलिए आपको अच्छी गेंदबाजी करनी होती है। एक गेंदबाज के तौर पर यह एक चुनौती होती है कि कहीं मेरी गेंद पर छक्का ना पड़े। हालांकि, मैं छक्का लगने से डरता नहीं हूं। चुनौती यह है कि मैं बस पंत जैसे बल्लेबाज को क्रीज के अंदर ही रखूं और अपनी गेंद पर उन्हें ज्यादा से ज्यादा डिफेंड करने का मौका दूं। इसलिए आपको अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। इसलिए उसके खिलाफ गेंदबाजी करना एक चुनौती है।
पंत और लियोन का टेस्ट में कैसा रहा है रिकॉर्ड?
दिलचस्प बात यह है कि लियोन ने टेस्ट में सर्वाधिक बार पंत को अपना शिकार बनाया है। दोनों खिलाड़ियों का सात बार एक दूसरे आमना-सामना हुआ है जिसमें से पांच बार लियोन पंत को आउट कर चुके हैं। पंत का रिकॉर्ड हालांकि ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ अच्छा रहा है। वह 2018-19 और 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे और उन्होंने भारत की जीत में अहम योगदान निभाया था।
पंत ने 632 दिन बाद टेस्ट में की थी वापसी
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज पंत ने दिसंबर 2022 में कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से लाल गेंद के प्रारूप में वापसी की है। पंत 632 दिन के लंबे अंतराल के बाद भारत के लिए टेस्ट खेलने उतरे थे। उन्होंने चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में शतक जड़ा था।
पंत ने ऑस्ट्रेलिया में किया था प्रभावशाली प्रदर्शन
रिवर्स और एक हाथ से फ्लिक जैसे अपने गैरपारंपरिक शॉट के लिए पहचाने जाने वाले पंत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पिछली दो टेस्ट सीरीज में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पंत ने इस दौरान 12 पारियों में 62.40 के प्रभावशाली औसत से 624 रन बनाए जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 159 रन रहा। उन्होंने 2021 में गाबा में दूसरी पारी में नाबाद 89 रन की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया की इस मैदान पर 32 साल में पहली हार सुनिश्चित की और भारत को 2-1 से सीरीज में जीत भी दिलाई।