Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
PUBG वाले प्यार का 3 महीने में अंत; नवजोड़े ने की आत्महत्या, प्रेमी के लिए दिल्ली से शिवपुरी आई थी लड़की

थाना खनियाधाना क्षेत्र के चमरौआ में नवविवाहित जोड़े ने आत्महत्या कर ली। पत्नी का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, जबकी युवक का शव जमीन पर पड़ा था। तीन महीने पहले ही दोनों ने परिवार की सहमति से लव मैरिज की थी। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह सोकर नहीं उठे

मरौआ निवासी 23 वर्षीय विनोद जाटव साल व उसकी 21 वर्षीय पत्नी अंजली एक साथ घर पर थे। शुक्रवार की सुबह जब सोकर नहीं उठे तो परिवार वालों ने उन्हें जगाने के लिए दरवाजा खटकाया। इसके बाद भी अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने खिड़की से अंदर झांक कर देखा।

अंदर देखने पर पता चला कि अंजली का शव फांसी पर लटका हुआ था और विनोद का शव जमीन पर पड़ा था।मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे टीआई सुरेश शर्मा सहित तहसीलदार शिवम गुप्ता ने पंचनामा बनवा कर गेट तोड़ा और शव बरामद किया।

पबजी खेलते-खेलते हुआ प्यार

खनियाधाना टीआई का कहना है कि चमरौआ में जिस नवविवाहित जोड़े ने आत्महत्या की है, उन दोनों ने प्रेम विवाह किया था। टीआई के अनुसार मृतक विनोद जाटव पबजी खेलता था। पबजी खेलते-खेलते उसकी दोस्ती दिल्ली निवासी अंजली से हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई, दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खालीं।

लड़की दिल्ली से आई शिवपुरी

अंजली दिल्ली की रहने वाली थी, प्यार हुआ तो अंजली, विनोद को तलाशती हुई खनियाधाना तक पहुंच गई। अंजली ने अपने माता-पिता के साथ-साथ विनोद के माता-पिता के समक्ष यह बात रखी कि वह उससे शादी करना चाहती है। करीब तीन माह पहले दोनों के परिवारों की रजामंदी से उनका विवाह कर दिया गया।

दीवार पर कुछ लिखा पर स्पष्ट नहीं

शादी के बाद दोनों खुश थे लेकिन अचानक न जानें ऐसा क्या हुआ जिसके कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली।पुलिस के अनुसार मरने से पहले दीवार पर कुछ लिखा गया है, परंतु क्या लिखा है यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इसके अलावा कमरे में कॉपी और पेन तो मिले हैं, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

कुछ दिन पहले ही लौट कर आए थे पिता

पुलिस के अनुसार शादी के बाद विनोद के माता पिता मजदूरी करने के लिए गुजरात चले गए और चमरौआ में दोनों पति-पत्नी रह रहे थे। कुछ दिन पहले विनोद के पिता खेती के काम से वापिस गांव लौट आए लेकिन मां अभी भी गुजरात ही है। घटना से पूर्व विनोद के पिता रघुवीर खेत पर थे। उन्हें गांव और परिवार वालों के माध्यम से बेटा-बहू की आत्महत्या की सूचना मिली।

मृतक पर था ढाई लाख का कर्ज

पुलिस का कहना है प्रारंभिक रूप से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि शादी के लिए विनोद ने बाजार से ढाई लाख रुपये का कर्ज उठाया था। ग्रामीणों का मानना है कि उक्त कर्ज के कारण शायद परेशान होकर उसने आत्महत्या की हो, पति को मरा देख कर पत्नी ने फांसी लगा ली हो।

Share This News :