कांग्रेस ने बुधनी और विजयपुर से प्रत्याशी घोसित किये
मध्य प्रदेश के बुधनी और विजयपुर विधानसभा उपचुनावों के लिए भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। 13 नवंबर को होने वाले इन उपचुनावों के लिए रविवार को कांग्रेस ने भी भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। कांग्रेस ने बुधनी से राजकुमार पटेल और विजयपुर से मुकेश मल्होत्रा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। मल्होत्रा ने तीन माह पहले ही कांग्रेस की सदस्यता ली है। दरअसल, 2023 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उन्होंने 44 हजार वोट प्राप्त किए थे और तीसरे नंबर पर रहे थे। बता दें, एक दिन पहले भाजपा ने बुधनी से रमाकांत भार्गव और विजयपुर से रामनिवास रावत को मैदान में उतारा है। अब जब भाजपा और कांग्रेस ने दोनों सीटों के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, चुनावी मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो गया है।
बुधनी में मुकाबला होगा रोमांचक
बुधनी विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने राजकुमार पटेल को मैदान में उतारा है। पटेल किरार समाज से आते हैं, जो इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में मौजूद हैं। पटेल मूलत: सीहोर के बखतरा के रहने वाले हैं। पटेल 1993 में इस सीट से विधायक रह चुके हैं, इसलिए उनका नाम क्षेत्र में काफी परिचित है। वे कांग्रेस सरकार में स्कूली शिक्षा विभाग में राज्यमंत्री भी रह चुके हैं। पटेल ने हमीदिया आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज से एलएलबी और एमए की पढ़ाई की है। पटेल का मुकाबला भाजपा के रमाकांत भार्गव से होगा, जो क्षेत्र में एक मजबूत पकड़ रखते हैं।
विजयपुर में भाजपा की राह आसान नहीं
कांग्रेस ने इस सीट पर मुकेश मल्होत्रा को प्रत्याशी बनाया है, जो 2023 में निर्दलीय चुनाव लड़कर तीसरे स्थान पर रहे थे। आदिवासी बहुल इस सीट पर आदिवासी समाज ही हार-जीत का फैसला करता है। मल्होत्रा को आदिवासी समाज से आते है, जिससे यहां मुकाबला दिलचस्प होगा। मल्होत्रा ने तीन माह पहले ही कांग्रेस की सदस्यता ली है। 43 वर्षीय मुकेश मल्होत्रा कराहल तहसील के सिलपुरी गांव के रहने वाले है। उन्होंने एमए और एलएलबी की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह सरपंच है। श्योपुर जिले की विजयपुर सीट पर भाजपा ने छह बार कांग्रेस के टिकट पर जीतने वाले रामनिवास रावत को अपना उम्मीदवार बनाया है। रावत अब भाजपा में शामिल हो गए हैं और वर्तमान में वन मंत्री के पद पर हैं।
सपा ने कांग्रेस के बागी को बुधनी में बनाया प्रत्याशी
बता दें बुधनी और विजयपुर में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। इसबी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ने वाली समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के बागी नेता अर्जुन आर्य को प्रत्याशी बनाया है। अर्जुन ने कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली थी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर असहमति का असर अब मध्य प्रदेश के चुनावी समीकरणों पर भी दिख रहा है।