प्रियंका गांधी के हलफनामे में क्या?

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए पर्चा भर दिया। नामांकन के दौरान प्रियंका के साथ उनकी मां सोनिया गांधी, भाई राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे। नामांकन से पहले उन्होंने राहुल गांधी के साथ रोड-शो भी किया। वायनाड सीट राहुल गांधी के इस्तीफे से रिक्त हुई है जो 2024 के लोकसभा चुनाव में वायनाड के साथ-साथ रायबरेली सीट से भी जीते थे। हालांकि, राहुल ने रायबरेली सीट को अपने पास रखा और वायनाड सीट से इस्तीफा दे दिया। प्रियंका गांधी द्वारा दाखिल चुनावी हलफनामे से कई रोचक जानकारियां निकलकर सामने आई हैं। इसमें उन्होंने कुल 77.54 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई है। आइये जानते हैं कि प्रियंका गांधी के शपथ पत्र में क्या-क्या है? प्रियंका गांधी ने अपने शपथ पत्र में बताया है कि वित्त वर्ष 2019-20 में उनकी कमाई 69.31 लाख रुपये थी। अगले वित्त वर्ष में उनकी कमाई में कमी आई। 2020-21 में ये घटकर 19.89 लाख रुपये रह गई। 2021-22 में कमाई में इजाफा हुआ और ये 45.56 लाख रुपये हो गई। वहीं, 2022-23 में प्रियंका गांधी की कमाई बढ़ी और ये 47.21 लाख रुपये हो गई। 2023-24 में इसमें कमी हुई और ये 46.39 लाख रुपये रह गई।