पहले टी20 में चमक बिखेरने उतरेंगे भारत के युवा स्टार, अभिषेक-संजू पर रहेंगी नजरे
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुक्रवार से चार मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होगा। डरबन में खेले जाने वाले इस मैच में भारतीय टीम सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में खेलती नजर आएगी। इस मैच में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पर नजरें रहेंगी।
विकेटकीपर बल्लेबाज सैमसन को हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में पारी का आगाज करने का मौका मिला था और उन्होंने 47 गेंद पर 111 रन की पारी खेल कर टीम प्रबंधन के फैसले को सही साबित किया था। रोहित शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और ऐसे में सैमसन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कुछ अच्छी पारियां खेल कर इस प्रारूप में भारतीय शीर्ष क्रम में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेंगे।
अभिषेक शर्मा के लिए भी यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि जिम्बाब्वे के खिलाफ जुलाई में हरारे में आकर्षक शतक बनाने के बाद वह रन बनाने के लिए जूझते रहे हैं। उन्हें अपनी जगह पक्की करने के लिए अपने प्रदर्शन में निरंतरता लानी होगी। वह बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज के रूप में भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे। इसी तरह की स्थिति तिलक वर्मा की है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करते हुए अपने प्रदर्शन से प्रभाव छोड़ा था लेकिन इसके बाद वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने अब तक जो 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं उनमें उनके नाम पर केवल एक अर्धशतक दर्ज है। उन्होंने अपना आखिरी मैच इस साल जनवरी में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। हैदराबाद का यह खिलाड़ी भी अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होगा। वह अपनी ऑफ स्पिन का भी बेहतर इस्तेमाल करना चाहेंगे।
पहले मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 इस प्रकार हैं...
भारत: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, आवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका: रयान रिकेल्टन, रीजा हैंड्रिक्स, एडेन मार्करम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, केशव महाराज, मार्को यानसेन, गेराल्ड कोएत्जी, ओटनील बार्टमन, पेट्रिक क्रूगर।