अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं, मैं भी दस मिनट विलंब से आऊं तो प्रवेश मत देना,मितेंद्र

भोपाल। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठन के अध्यक्ष मितेंद्र सिंह ने अनुशासनहीनता पर जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मैं भी यदि बैठक में दस मिनट के विलंब से आऊं तो प्रवेश मत देना। बैठक में वर्चुअली जुड़े संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इस इकाई को भंग करके नई कार्यकारिणी एक-दो सप्ताह में घोषित करें लेकिन यह ध्यान रहे कि इसमें 33 प्रतिशत महिलाएं हों।
इस दौरान कई प्रदेश पदाधिकारियों के बैठक में समय पर न आने प्रांताध्यक्ष ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन के लिए अनुशासन सबसे जरूरी होता है।
तीन-चार बार पदाधिकारियों को चेताया जा चुका है। अब यह स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर भी चर्चा हुई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने वर्तमान इकाई को भंग करके नई टीम एक-दो सप्ताह में बनाने और इसमें 33 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा।
यह भी तय किया गया कि हर स्तर पर महिलाओं की भागीदारी होनी चाहिए।