महाकुंभ: प्रयागराज आने वाले रास्तों पर भीषण जाम, मध्य प्रदेश में वाहनों को रोका गया

महाकुंभ में एक बार फिर से लोगों की भीड़ आनी शुरू हो गई है। 27वें दिन शनिवार एक करोड़ 22 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिसके चलते प्रयागराज आने वाली अधिकतर सड़कों पर जाम की स्थिति है। हजारों की तादाद में लोग प्रयागराज के बाहर जाम में फंसे हुए हैं। वहीं प्रयागराज में भी लोगों को घाटों तक पहुंचने के लिए घंटों का इंतजार करना पड़ रहा है।भारी भीड़ को देखते हुए पार्किंग स्थल व रूटों पर आपात प्लान लागू कर दिया गया है। अगर बात प्रयागराज आने वाले रूट की करें तो फाफामऊ से प्रयागराज, झूंसी से प्रयागराज, जसरा से प्रयागराज आने वाले रास्तों पर भारी जाम लगा हुआ है। वाराणसी और मिर्जापुर हाईवे पर शनिवार को पांच-पांच किमी तक वाहनों की कतार लग गई है। संगम से 10 से 15 किलोमीटर पहले से ही वाहन रेंग रहे हैं। हाईवे से शहर में आने वाले प्रमुख मार्ग दिन में पूरी तरह से चोक हो गए हैं। इसके अलावा अंतरजनपदीय डायवर्जन प्वाइंटों से लेकर जनपदीय सीमाओं पर भी वाहनों की कतार लगी।वाराणसी व मिर्जापुर हाईवे पर सुबह ही पांच-पांच किमी का जाम लग गया। नैनी में नए यमुना पुल से लेकर सरगम चौराहे तक तो झूंसी में शास्त्री ब्रिज से लेकर अंदावा तक वाहनों की कतार लगी रही। पुराने यमुना पुल पर भी भीषण जाम रहा। नए पुल पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया था, ऐसे में चौराहा पूरी तरह से चोक हो गया।
शहर में इन जगहों पर भीषण जाम
फाफामऊ, नैनी और इंडियन प्रेस चौराहा सहित कई जगहों पर यात्रियों की पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई। फाफामऊ में एक महामंडलेश्वर अपने कई वाहनों के साथ जाम में फंसे थे। किन रास्तों पर है जाम
प्रतापगढ़ से प्रयागराज आने वाले रास्ते पर जाम।
वाराणसी से प्रयागराज आने वाले हाईवे पर भी जाम।
रीवा और चित्रकूट से आने वाले हाईवे पर भी जाम की स्थिति है।
कौशांबी से प्रयागराज आने वाले रास्ते पर भी भीषण जाम लगा हुआ है।
मध्य प्रदेश में रोके गए प्रयागराज आने वाले वाहन
उधर मध्य प्रदेश में महाकुंभ के लिए जाने वाले सैकड़ों वाहनों को भारी यातायात और भीड़भाड़ से बचने के लिए रोक दिया गया है। कुछ स्थानों पर स्थानीय यातायात पुलिस ने यात्रियों से वापस लौटने का अनुरोध भी किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात से ही उत्तर की ओर जाने वाले वाहनों, जिनमें से अधिकांश श्रद्धालु थे, को उत्तर प्रदेश के अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है।
महाराष्ट्र और दक्षिणी राज्यों से आने वाले अधिकांश वाहन सुबह से ही कटनी, मैहर और रीवा जिलों में फंसे हुए हैं। रीवा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) साकेत प्रकाश पांडे ने बताया कि वाहनों को चाकघाट पर रोका जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में प्रयागराज की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या में वृद्धि हुई है। पुलिस यातायात को सुव्यवस्थित करने की कोशिश कर रही है और प्रयागराज प्रशासन से हरी झंडी मिलने के बाद उन्हें एक-एक करके गुजरने की अनुमति दे रही है। डीआईजी ने बताया कि प्रयागराज के रास्ते में यातायात जाम से बचने के लिए लोग गलत दिशा में भी वाहन चला रहे हैं।मैहर के तहसीलदार प्रेमलाल चौधरी ने बताया कि 100-200 के जत्थों में वाहनों को छोड़ा जा रहा है। मैहर के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) राजीव पाठक ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रयागराज जाने वाले वाहनों को शनिवार सुबह से ही रोक दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर खारमसेड़ा में वाहनों को रोका गया, जहां तीन किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ था।