Homeखेल ,slider news,
फॉर्म में लौटे रोहित शर्मा, 13 वनडे पारियों बाद शतक का सूखा किया समाप्त

भारतीय कप्तान रोहित चैंपियंस ट्रॉफी से पहले फॉर्म में लौट आए हैं। पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे रोहित का बल्ला कटक के बाराबाटी स्टेडियम में जमकर गरजा। इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में रोहित ने पहले 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया, फिर इसे शतक में बदलने में ज्यादा देर नहीं लगाई। रोहित के बल्ले से शतकीय पारी देखने का इंतजार प्रशंसकों को लंबे समय से था जो आखिरकार रविवार को पूरा हुआ। उन्होंने 76 गेंदों पर शतक लगाया। रोहित का वनडे में यह 32वां शतक है। उनके बल्ले से वनडे में पिछला शतक अफगानिस्तान के खिलाफ 11 अक्तूबर 2023 को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए वनडे विश्व कप के मुकाबले में निकला था। रोहित ने उस वक्त 84 गेंदों पर 131 रन बनाए थे। इसके बाद से रोहित ने 13 पारियां खेली, लेकिन वह शतक नहीं लगा पाए थे। रोहित ने वनडे में शतक लगाने का सूखा खत्म किया और 16 महीने बाद उनके बल्ले से सैकड़ा निकला। रोहित 90 गेंदों पर 12 चौके और सात छक्कों की मदद से 119 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लियाम लिविंगस्टोन ने अपना शिकार बनाया। रोहित इस मैच में अलग ही रंग में नजर आए। उन्होंने तेज तर्रार पारी खेली। रोहित की पारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारतीय कप्तान ने वनडे में अपना दूसरा सबसे तेज शतक लगाया। रोहित ने 2023 वनडे विश्व कप के दौरान अफगानिस्तान के खिलाफ 63 गेंदों पर शतक लगाया था जो उनका इस प्रारूप में सबसे तेज शतक था।वनडे में फिर दिखा हिटमैन का जलवा
रोहित सीमित ओवरों के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल हैं। रोहित पिछले कुछ समय से रन नहीं बना पा रहे थे जिस कारण उन्हें आलोचनाओं को सामना करना पड़ रहा था, लेकिन उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। रोहित वनडे विश्व कप 2023 में भी शानदार लय में दिखे थे और वह उस समय टीम को तेज शुरुआत दिलाते थे। वनडे विश्व कप की बात करें तो रोहित ने तब से अब तक 16 वनडे पारी खेली है जिसमें से दो बार वह शतक लगाने में कामयाब हुए हैं।
वनडे विश्व कप से लेकर अब तक रोहित का वनडे में स्कोर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शून्य, अफगानिस्तान के खिलाफ 131, पाकिस्तान के खिलाफ 86, बांग्लादेश के खिलाफ 48, न्यूजीलैंड के खिलाफ 46, इंग्लैंड के खिलाफ 87, श्रीलंका के खिलाफ 4, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 40, नीदरलैंड्स के खिलाफ 61, न्यूजीलैंड के खिलाफ 47, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 47, श्रीलंका के खिलाफ 58, 64, 35 और इंग्लैंड के खिलाफ इस मैच से पहले नागपुर वनडे में 2 रन बनाना रहा है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय
रोहित इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित का यह 49वां अंतरराष्ट्रीय शतक है और उन्होंने इस मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 48 शतक लगाए हैं। इस सूची में सचिन तेंदुलकर 100 शतकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि विराट कोहली 81 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।


Share This News :