Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,
मौत के कुएं में ट्रायल ले रहा बाइक सवार 15 फीट की ऊंचाई से गिरा, घायल

ग्वालियर। मेले में चल रहे मौत के कुएं में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मौत के कुएं का शो शुरू होने से पहले ट्रायल ले रहा एक बाइक सवार 15 फीट की ऊंचाई से गिर गया। बाइक सवार दर्शकों को रिझाने के लिए तेजी से कुएं के चारों तक बाइक चला रहा था। 15 फीट की ऊंचाई पर पहुंचते-पहुंचते उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरा।

उस समय तक टिकट लेकर बड़ी संख्या में दर्शक मौत के कुएं का शो देखने पहुंच चुके थे। दर्शकों के सामने हुई इस घटना से सभी हैरान रह गए। कई दर्शकों ने घटना के फोटो अपने मोबाइल से खींचकर वाट्सएप ग्रुप्स पर पोस्ट कर दिए। हालांकि मेला प्राधिकरण इस घटना के होने से ही इनकार करता रहा।

जब घटना हुई, तब बड़ी संख्या

में मौजूद थे दर्शक -

यह घटना रविवार को शाम 5.45 पटरी के किनारे बने मौत के कुंए में हुई। दरअसल मेले के अंदर इस बार दो मौत के कुएं चल रहे हैं। दोनों के ही संचालक राजेन्द्र सिंह भदौरिया हैं। जब बाइक सवार के गिरने की घटना हुई, उस समय तक बड़ी संख्या में लोग शो देखने पहुंच चुके थे। बाइक सवार ने शो से पहले दर्शकों के सामने दो बार मौत के कुएं का चक्कर लगाकर दिखाया, लेकिन तीसरे चक्कर के दौरान उसका बैलेंस बिगड़ गया। 15 फीट की ऊंचाई से गिरने से बाइक सवार के सिर और हाथ में चोटें आ गईं। घटना की खबर लगते ही उसे कवर करने पहुंचे मीडियाकर्मियों को शो के स्टाफ ने ना अंदर जाने दिया और न ही घायल बाइक सवार से मुलाकात करने दी। स्टाफ लगातार ऐसी किसी भी घटना के होने से इनकार करता रहा। नईदुनिया ने घटना के संबंध में जब शो के संचालक राजेन्द्र सिंह भदौरिया के मोबाइल नंबर 9229163693 पर संपर्क करना चाहा तो उनका नंबर भी लगातार व्यस्त मोड पर ही बना रहा।

मीडिया ने मेला प्राधिकरण के सचिव को दी सूचना, स्टाफ की बात सुनकर बोले नहीं हुई घटना-

घटना की जानकारी भले ही मेले आए सैलानियों से लेकर मीडिया तक पहुंच चुकी थी, लेकिन मेला परिसर में ही मौजूद मेला प्राधिकरण के सचिव शैलेन्द्र मिश्रा को घटना की कोई जानकारी नहीं थी। मीडिया ने जब उनसे इस बारे में पूछताछ शुरू की तो वे मौत के कुएं पर जांच करने पहुंचे। उन्हें भी शो के स्टाफ ने ऐसी किसी भी दुर्घटना के होने से इनकार कर दिया। इसके बाद श्री मिश्रा ने स्टाफ की बातचीत पर भरोसा करते हुए कहा कि मौत के कुएं में किसी भी बाइक सवार के गिरने की घटना नहीं हुई। जबकि वहां मौजूद सैलानियों ने इस घटना के फोटो और वीडियो कई वाट्सएप ग्रुप्स पर पोस्ट किए।

दुकानदार बोले, बगैर जांच के ही शुरू हो गया मौत का कुआं-

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि दोनों ही मौत के कुएं पीडब्ल्यूडी की जांच के बगैर ही शुरू हो गए हैं। जबकि संभागीय कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सभी झूलों और मौत के कुओं की पहले पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों से जांच कराएं। इसके बाद ही उन्हें चलाने की परमिशन दी जाए, लेकिन बगैर सुरक्षा मानकों को परखे मौत का कुआं शुरू कर दिया गया।

वर्जन

मुझे तो मौत के कुएं में किसी बाइक सवार के गिरने के बारे में पता नहीं चला है। न ही वहां के स्टाफ ने ऐसी किसी घटना की पुष्टि की। मौत के कुएं की सुरक्षा मानकों पर पीडब्ल्यूडी से जांच कराई गई है।

Share This News :