Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
बाइक सवार बदमाशों ने महिला सहित 2 लोगों की चेन लूटी

ग्वालियर। काले रंग की पल्सर पर हेलमेट लगाकर निकले 2 बदमाशों ने शुक्रवार को एक घंटे में महिला सहित 2 लोगों के गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। पहली वारदात हरिशंकरपुरम में हुई। लुटेरे जल चढ़ने के लिए मंदिर जा व्यापारी के गले से सोने की चेन लूटकर गायब हो गए। इन्हीं बदमाशों ने घंटेभर बाद ही गदाईपुरा में डेढ़ साल की बच्ची को गोद में लेकर जा रही महिला के गले से चेन लूटने के लिए झपट्टा मारा। बदमाशों के झपट्टा मारने से महिला बच्ची सहित सड़क पर गिर गई और लुटेरे चेन लूटकर भाग गए।

लूट की पहली वारदात को बाइक सवार बदमाशों ने हरिशंकरपुरम में दोपहर 11:50 मिनट पर अंजाम दिया। श्रीकांत (26) पुत्र अरविंद सिंघल निवासी हरिशकंरपुरम घर के नजदीक स्थित मंदिर पर जल चढ़ाने के लिए जा रहे थे। अचानक बाइक पर सवार 2 बदमाश पीछे से आए और व्यापारी के गले में पड़ी 2 तोले सोने की चेन पर हाथ मारा। चेन हाथ में आते ही लुटेरों ने बाइक दौड़ा दी।

व्यापारी ने बदमाशों को पकड़ने उनका पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन लुटेरे गायब हो गए। चेन लूट की सूचना मिलते ही टीआई थाना झांसी रोड राजकुमार शर्मा पुुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। श्रीकांत ने पुलिस को बताया कि दोनों बदमाश काले रंग की पल्सर पर थे और हेलमेट लगाए हुए थे। काले रंग की जैकेट व जींस के पेंट पहने हुए थे।

बच्ची सहित महिला सड़क पर गिरी

गोसपुरा में रहने वालीं सोनिया उर्फ लाली पत्नी मोहित पटेल जिठानी संध्या पटेल के साथ गदाईपुरा मरघट रोड पर रहने वाले चाचा करन सिंह पटेल के घर खाना खाने जा रही थीं। सोनिया की गोद में डेढ़ साल की बेटी तान्या थी। जिठानी भी अपनी तीन साल की बेटी का हाथ पकड़े हुई थी। अचानक गदाईपुरा पुलिया से कुछ ही दूरी पर पीछे से काले रंग की पल्सर पर आए दो बदमाशों ने सोनिया के गले में लटक रही डेढ़ तोले वजनी सोने की चेन पर झपट्टा मारा। बदमाशों के अप्रत्याशित हमले से सोनिया बच्ची सहित सड़क पर गिर पड़ी। जिठानी ने बच्ची को संभाला और सोनिया को उठाया। इसी बीच लुटेरे पल्सर से भाग निकले।

मैं और मेरी बच्ची बच गए

सोनिया ने बताया कि माधव मेमोरियल स्कूल के पास से बाइक सवार बदमाश उनके पीछे लगे थे। 200 कदम की दूरी पर लुटेरों को मौका मिल गया और उन्होंने अचानक सोने की चेन हाथ मारा। मैं बच्ची सहित जमीन पर गिर गई। चेन हाथ में आते ही लुटेरे मौके से भाग निकले। सोनिया ने बताया कि दोनों सिर पर हेलमेट लगाए थे और काले रंग की जैकेट पहने हुए थे। घबराहट के कारण वह उनके बाइक का नंबर नही देख पाई।

स्कूल का सीसीटीवी कैमरा खराब मिला- चेन लूट की सूचना मिलते ही सीएसपी वाहिनी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। सोनिया से बात करने के बाद वह माधव मेमोरियल स्कूल पर सोनिया को लेकर गईं, जहां से बदमाश उनके पीछे आए थे। स्कूल के बाहर सीसीसीटीवी कैमरा देखकर स्कूल संचालक से फुटेज दिखाने के लिए कहा, लेकिन घंटेभर की माथापच्ची के बाद संचालक ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा गुरुवार को ही खराब हुआ है।

नहीं हुई पुुलिस अलर्ट- हरिशंकरपुरम में चेन लूटने के बाद काले रंग की पल्सर पर सवार बदमाश एक से सवा घंटे तक शहर में घूमते रहे। इस बीच शहर में चेकिंग नहीं लगने के कारण लुटेरे बेखौफ होकर सड़कों पर बाइक दौड़त रहे। पुलिस हरिशंकरपुरम से गदाईपुरा तक जाने का रोड मैप देखकर आशंका जता रही है कि लुटेरे इसी क्षेत्र के आसपास के रहने वाले होंगे। पुलिस इस रोड पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों की फुटेज से पहचान की जा सके।

Share This News :