मध्य प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक निर्णय: दतिया में शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
ग्वालियर : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मां पीतांबरा की पावन नगरी दतिया में शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के मद्देनजर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 अप्रैल को दतिया का दौरा करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन पर दतिया वासियों द्वारा भव्य स्वागत, वंदन और अभिनंदन किया जाएगा। राज्य के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट कर इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
शराब बंदी के इस फैसले का स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी स्वागत किया है। माना जा रहा है कि यह कदम समाज में नशा मुक्ति अभियान को मजबूती प्रदान करेगा और परिवारों को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाएगा।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर दतिया में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और नागरिक मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करेंगे।