Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
भिंड के शुभम कौरव ने UPSC 2024 में हासिल की 291वीं रैंक, बिना कोचिंग पाई सफलता

IIT से इंजीनियरिंग, NDA में टॉप रैंक और अब UPSC में शानदार प्रदर्शन; कंचनपुर गांव के बेटे ने रचा कीर्तिमान

ग्वालियर : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2024 के परिणाम में मध्यप्रदेश के भिंड जिले के छोटे से गांव कंचनपुर से ताल्लुक रखने वाले शुभम कौरव ने ऑल इंडिया रैंक 291 प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। यह उपलब्धि इसलिए और भी खास है क्योंकि शुभम ने बिना किसी कोचिंग संस्थान की मदद के, पूर्णतः स्वअध्ययन के बलबूते यह मुकाम हासिल किया है।

शुभम की यह यात्रा संघर्ष, लगन और आत्मविश्वास से भरी रही है। IIT (BHU) वाराणसी से बी.टेक करने के बावजूद उन्होंने कॉर्पोरेट करियर की राह नहीं चुनी, बल्कि राष्ट्र सेवा के अपने सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाया। इससे पहले वे वर्ष 2016 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) परीक्षा में भी ऑल इंडिया रैंक 55 हासिल कर चुके हैं।

परिवार की पृष्ठभूमि: संघर्ष से संकल्प तक

शुभम के पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हवलदार हैं, जबकि उनकी माता एक गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद, परिवार ने शुभम को कभी हार न मानने की सीख दी। उन्होंने शुरुआत में अपने गांव में रहकर अध्ययन किया और बाद में दिल्ली आकर कठिन परिश्रम से अपनी तैयारी को अंतिम रूप दिया।

चौथे प्रयास में पाई सफलता

यह शुभम का चौथा प्रयास था। पहले तीन प्रयासों में मिली असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। अपने आत्मबल और अनुशासन के साथ उन्होंने इस बार की परीक्षा में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

युवाओं के लिए प्रेरणा

शुभम कौरव की सफलता इस बात का प्रतीक है कि अगर हौसले बुलंद हों और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। उनका सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गया है जो सीमित संसाधनों में भी बड़ी सोच रखते हैं और कठिन परिश्रम से अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।

Share This News :