अंतरराष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर पत्रकारों का हुआ सम्मान
ग्वालियर । आज का दिन आप ओर हम सबके लिए महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र के जो चार मजबूत स्तंभ है, न्यायपालिका, कार्यपालिका, विधायिका और मीडिया। यह एक दूसरे के पूरक है। जिस देश के ये चार स्तंभ मजबूत होते हैं। वह देश हमेशा तरक्की और प्रगति करता है। श्रम ही सफलता का मूल मंत्र है । उक्त बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर होटल फॉर्चून प्लाजा इवेंन्यू में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया एवं पत्रकारों ने भी सम्बोधित किया। ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत मंचासीन रहे। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों क़ो सम्मानित किया गया।
सांसद भारत सिंह कुशवाहा ने कहा कि मीडिया प्रजातंत्र का सशक्त प्रहरी है। न्यायपालिका, विधायिका व कार्यपालिका के बाद मीडिया को चौथा स्तंभ के रूप में जाना जाता है। मीडिया लोकतंत्र व लोगों के बीच सेतु का काम करती है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लेखनी के माध्यम से समाज को न केवल दिशा देते हैं बल्कि समस्याओं व गड़बड़ियों को उजागर भी करते है।
उन्होंने कहा कि आज आपने परिश्रम से समाज के अंदर जो पहचान बनाई है, उसके लिए आप सभी बधाई के पात्र और सम्मान के पात्र हैं। आप हमेशा दोहरी भूमिका में रहते हैं। जब सरकार अच्छा काम करती है तो भी आप उसको दिखाते हैं और अगर सरकार कोई गलत काम करती है तो उसकी भी आप जानकारी देते हैं।
*लोकतंत्र में पत्रकारिता जनता की आंख, नाक व कान है - आशीष अग्रवाल
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारिता एक बड़ी विरासत है ऐसे में हम सबके लिए गौरव का विषय है कि सांसद भारत सिंह कुशवाह ने अंतरराष्ट्रीय प्रेस दिवस पर यह कार्यक्रम आयोजित किया। आप सभी लोगों को मैं अंतरराष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई देता हूं। देश के उदय और उसकी प्रगति में पत्रकारों की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि यह जो तारीख है 3 मई, यह महज एक तारीख नहीं है। यह उन सभी साथियों को स्मरण करने का अवसर है जिन्होंने अंधेरे में दिया जलाने का काम, जिन्होंने झूठ को अपने सच के साहस से गिरने का काम किया, ये तारीख है आप सभी पत्रकार साथियों को स्मरण करने की जिन्होंने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूती से थामे रखा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव निष्पक्ष, निर्भीक पत्रकारिता के समर्थन में काम करती है। और जहां-जहां हमें आवश्यकता रहती है वहां हमारी सरकारों का पूरा प्रयास रहता है कि आपके साथ कंधे से कंधा मिलकर काम करें। लोकतंत्र में पत्रकारिता जनता की आंख, नाक व कान है।
*पत्रकार और मीडिया जनता को सत्य से जोड़ने का काम करते हैं- राजौरिया
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने अंतर्राष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस की मीडिया के बंधुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र, एकता व प्रगति के लिए ऐसी पत्रकारिता की आवश्यकता है, जो सतर्क होने के साथ प्रत्येक मायने में स्वतंत्र भी हो। उन्होंने कहा कि पत्रकार और मीडिया जनता को सत्य से जोड़ने का काम करते हैं। यह दिन उन पत्रकारों को सम्मानित करने का अवसर है, जो निडरता से सच्चाई को सामने लाते हैं।
कार्यक्रम को आचरण के प्रधान संपादक असद कुरैशी, आचरण के स्थानीय संपादक सुरेश शर्मा समेत वरिष्ठ पत्रकार अर्पण राउत, प्रदीप मांढरे ,नासिर गौरी, जावेद खान, विनोद शर्मा आदि ने विचार व्यक्त किए । इस अवसर पर पत्रकारों क़ो सम्मानित भी किया गया।