'सिंधिया के बारे में गलत बोलने वाले की काट लेंगे जुबान', सीईओ के बयान से भड़के BJP MLA
अशोकनगर। मध्य प्रदेश के चंदेरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।इसमें वह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के विरोध में बोलने वालों को चेतावनी देते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि “जो सिंधिया जी के बारे में गलत बोलेगा, उसकी जुबान काट दूंगा।” यह बयान उन्होंने जिला पंचायत सीईओ द्वारा कथित अपशब्द कहे जाने पर प्रतिक्रिया स्वरूप दिया।
सीईओ के बयान से मचा हंगामा
दरअसल, सोमवार को पंचायत सचिवों की एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें एसडीएम रचना शर्मा और जनपद पंचायत सीईओ गौरीशंकर राजपूत मौजूद थे। इसी दौरान जिला पंचायत सीईओ राजेश कुमार जैन का फोन आया, जिसे माइक पर रखा गया। फोन पर जैन ने कथित रूप से पंचायत सचिवों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि अगर कोई विधायक या सांसद का आदमी है, तो उसे भी जूते मारे जाएंगे।
मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत
सीईओ के इस बयान से पंचायत सचिव भड़क उठे। उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर कलेक्टर से शिकायत दर्ज कराई। मामला तूल पकड़ते हुए जनप्रतिनिधियों तक जा पहुंचा। इस पर विधायक रघुवंशी ने न केवल सीईओ के व्यवहार की निंदा की बल्कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इसकी लिखित शिकायत भी की। उन्होंने मांग की कि एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।