Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
रतलाम में सीएम डॉ. मोहन यादव के काफिले की गाड़‍ियों में डाल दिया पानी मिला डीजल 19 कारें हो गई बंद लगाए धक्के

मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव के काफिले में बड़ी सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। सीएम के आने से पहले गुरुवार को उनके काफिले की गाड़‍ियों में डीजल डलवाया गया। कुछ दूर जाकर 19 कारें बंद हो गई। जांच की तो पता चला उसमें डीजल के साथ पानी भी मिला है। इसके बाद पेट्रोल पर को सील कर दिया।

रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्प्लायमेंट कॉन्क्लेव (राइज) में शामिल होने आ रहे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के काफिले की सुरक्षा व्यवस्था में उस वक्त हड़कंप मच गया जब उनकी काफिले की 19 कारें अचानक एक के बाद एक बंद हो गईं। जांच में सामने आया कि गाड़ियों में डीजल के साथ पानी भरा हुआ था। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित पेट्रोल पंप को सील कर दिया।

गुरुवार रात करीब 10 बजे सीएम कारकेट की 19 कारें रतलाम शहरी सीमा के डोसीगांव स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने पहुंची थीं। डीजल भरवाने के कुछ ही समय बाद सभी गाड़ियां कुछ दूरी पर जाकर बंद हो गईं। उन्हें धक्का लगाकर सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा।

सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी आनंद गोरे सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। जांच में पता चला कि जिन गाड़ियों में 20 लीटर डीजल डलवाया गया था, उनमें से लगभग 10 लीटर पानी निकला। यह स्थिति लगभग सभी वाहनों में पाई गई। एक ट्रक चालक ने भी 200 लीटर डीजल भरवाया था, जो थोड़ी दूरी पर ही बंद हो गया।

इंदौर से मंगवाई नई गाड़ियां, पंप सील

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने भारत पेट्रोलियम के एरिया मैनेजर श्रीधर को बुलाया। मैनेजर ने संभावना जताई कि बारिश के कारण पेट्रोल टैंक में पानी का रिसाव हुआ हो सकता है। संबंधित पेट्रोल पंप शक्ति फ्यूल्स, इंदौर निवासी शक्ति पति एचआर बुंदेला के नाम पर है।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने रात में ही पेट्रोल पंप को सील कर दिया। साथ ही इंदौर से नई गाड़ियों की व्यवस्था कर रतलाम रवाना किया गया ताकि शुक्रवार को आयोजित होने वाले एमपी राइज कॉन्क्लेव में कोई बाधा न आए।

पेट्रोल टैंक में रिसाव होने की आशंका

नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय ने बताया कि बारिश के कारण पेट्रोल टैंक में पानी का रिसाव होने की आशंका है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप को सील कर दिया है। रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है। कॉन्क्लेव में सीएम डॉ. मोहन यादव सहित कई वीआईपी शामिल होने वाले हैं। जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से तैयारियों में जुटा हुआ है। पुलिस द्वारा गुरुवार को ही सीएम कारकेट का ट्रायल भी किया गया था।

Share This News :