Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मुख्यमंत्री ने दी नगरीय विकास की समीक्षा बैठक में अहम दिशा-निर्देश

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल स्थित समत्व भवन में नगरीय विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को नगरीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि 'लाड़ली बहना योजना' से जुड़ी महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर आवास सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें स्थायी और सुरक्षित जीवन यापन का अवसर मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने अंतर शहरी क्षेत्रों में ‘नमो ट्रेन’ प्रारंभ करने की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

शहरी हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने नगरीय क्षेत्रों में नगर वन विकसित करने की योजना बनाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि शहरी विकास के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन भी अत्यंत आवश्यक है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजधानी भोपाल के बड़े तालाब के आसपास हो रहे अवैध निर्माणों को लेकर गहरी चिंता जताई और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कर अवैध निर्माणों की पहचान करें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों को लेकर विभागीय स्तर पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

Share This News :