रामू तोमर के संयोजन में ग्वालियर में भव्य भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा 5 जुलाई को, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री होंगे शामिल
ग्वालियर (विनय शर्मा) : अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) के तत्वावधान में देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर 'रामू' के संयोजन में इस वर्ष ग्वालियर में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा महामहोत्सव-2025 का आयोजन 5 जुलाई, शनिवार को बड़े धार्मिक उल्लास और भव्यता के साथ किया जाएगा। यह रथ यात्रा शाम 4 बजे जीवाजी क्लब, अचलेश्वर मंदिर रोड से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई गोयल वाटिका पर सम्पन्न होगी। इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री मोहन यादव, केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, स्थानीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर एवं इस्कॉन मध्यप्रदेश के जोनल सेक्रेटरी गुरुदेव महामन प्रभु सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। राष्ट्र संत माँ कनकेश्वरी देवी भी इस आयोजन की आध्यात्मिक शोभा बढ़ाएंगी। यात्रा आयोजन समिति के संयोजक रामू तोमर ने बताया कि दोपहर 3 बजे से सुमधुर कीर्तन एवं विग्रह पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके उपरांत विशेष पूजन कर शाम 4 बजे भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा प्रारंभ की जाएगी।
रथ यात्रा का मार्ग:
रथ यात्रा जीवाजी क्लब, अचलेश्वर मंदिर रोड से प्रारंभ होकर इंदरगंज, दाल बाजार, लोहिया बाजार, पाटनकर चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली, गश्त का ताजिया, नई सड़क, हनुमान चौराहा होते हुए गोयल वाटिका पर सम्पन्न होगी।
संयोजक रामू तोमर ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर स्वयं यात्रा के साथ पैदल चलकर भाग लेंगे। रथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालु भक्तों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण और जल सेवा की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने अंचलवासियों से इस भव्य आयोजन में सपरिवार भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह रथ यात्रा ग्वालियर की धार्मिक चेतना, संस्कृति और सामूहिक श्रद्धा का एक अनुपम उदाहरण बनेगी।