इंडिगो की फ्लाइट की इंदौर में इमरजेंसी लैंडिंग, 51 यात्री सवार थे
इंदौर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट (सिक्स-ई-7295, एटीआर) को मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी के बाद देवी अहिल्याबाई होल्कर हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि सुबह 6:30 बजे उड़ान भरने के लगभग आधे घंटे बाद विमान में फॉल्स अलार्म के संकेत मिलने लगे। इसके बाद पायलट ने एहतियातन फ्लाइट को वापस इंदौर लाने का फैसला किया।
सुबह करीब 7:15 बजे विमान सुरक्षित रूप से इंदौर एयरपोर्ट पर उतर गया। इस दौरान विमान में सवार यात्री घबराए हुए थे, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं। तकनीकी जांच के बाद इस उड़ान को रद्द कर दिया गया और यात्रियों को टिकट का पैसा वापस लेने या बुकिंग रीशेड्यूल करने के विकल्प दिए गए हैं।
विमान की गहन तकनीकी जांच की जा रही है। हाल ही में हुए अहमदाबाद हादसे के बाद एयरलाइंस तकनीकी खामियों को लेकर अधिक सतर्कता बरत रही हैं।