अशोकनगर धरना आंदोलन में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे विधायक डॉ. सतीश सिकरवार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा आज अशोकनगर में एक विशाल धरना एवं जेल भरो आंदोलन का आयोजन किया गया। इस आंदोलन में ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सुबह विधायक डॉ. सिकरवार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक भव्य काफिले के साथ एमएलबी कॉलेज परिसर में एकत्रित हुए। वहां से सैकड़ों चार पहिया वाहनों के माध्यम से काफिला अशोकनगर के लिए रवाना हुआ। इस आंदोलन में भाग लेने के लिए ग्वालियर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे।
आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं के लिए स्वल्पाहार एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। अशोकनगर पहुंचकर डॉ. सिकरवार ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि जीतू पटवारी पर दर्ज एफआईआर पूर्णतः राजनीति से प्रेरित है और इसे तुरंत निरस्त किया जाना चाहिए। धरना स्थल पर कांग्रेस नेताओं ने एकजुटता के साथ लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा करने की शपथ ली। आंदोलन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।