ग्वालियर- जहां सड़कें न होने से युवाओं की नहीं हो पा रही शादी, इंतजार में हो रहे अधेड़
सड़कें विकास की बुनियाद मानी जाती हैं, लेकिन ग्वालियर जिले के एक गांव की तस्वीर कुछ और ही कहानी कह रही है। ग्राम किठौन्दा में सड़क के अभाव ने न केवल जनजीवन को प्रभावित किया है, बल्कि युवाओं की शादी तक मुश्किल बना दी है। गांव में लगभग 45 युवक अब भी अविवाहित हैं, जिनमें से कई चालीस की उम्र पार कर चुके हैं। वजह सिर्फ गांव तक पहुंचने का कोई ढंग का रास्ता नहीं है।
बारिश आते ही किठौन्दा गांव हो जाता है देश से अलग
1300 की आबादी वाले किठौन्दा गांव में करीब 150 परिवार रहते हैं। लेकिन हर साल बारिश के मौसम में यह गांव शेष दुनिया से कट जाता है। गांव से भितरवार जाने के दो रास्ते हैं, लेकिन दोनों ही या तो कच्चे हैं या जलभराव से बंद हो जाते हैं। एक रास्ता प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्राम किठौन्दा होते हुए बनाया गया था, लेकिन वह इतना लंबा और अव्यवस्थित है कि लोगों को बहुत तकलीफ उठानी पड़ती है।एक युवक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मेरे जैसे कई युवक गांव में कुंवारे हैं। कोई रिश्ता लेकर आता भी है, तो गांव की हालत देखकर साफ मना कर देता है। लोग कहते हैं कि लड़की को ऐसी जगह नहीं भेज सकते जहां एम्बुलेंस न पहुंच सके, स्कूल दूर हो और सड़क तक न हो।