ग्वालियर से करौली माता तक पैदल यात्रा का शुभारंभ, नरेंद्र सिंह तोमर ने दिखाई झंडी
ग्वालियर से राजस्थान स्थित श्री कैलादेवी (करौली) तक धार्मिक पदयात्रा का आयोजन किया गया है। इस यात्रा का शुभारंभ आज मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष और भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दाल बाजार, लश्कर से किया। तोमर ने पूजा-अर्चना और आरती के बाद यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर तोमर ने कहा कि ग्वालियर से करौली माता तक जाने वाली इस धार्मिक पदयात्रा से पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण और आस्था का संचार होगा। उन्होंने सभी पदयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां कैलादेवी की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहेगी और यह यात्रा आस्था की मिसाल बनेगी।
आयोजन स्थल पर पदयात्रा समिति के सदस्यों और व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर तोमर का स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम में ग्वालियर पूर्व से विधायक डॉक्टर सतीश सिकरवार, पदयात्रा संयोजक सुरेश बंसल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अशोक जैन और अशोक जादौन, वैश्य महासभा के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और भाजपा नेता सोनू मंगल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।