बज सकता देश की राजनीति में एमपी का डंका! शिवराज बनेंगे...
राजनीतिक हलकों में इस समय जो अटकलें चल रही हैं यदि वे सच साबित हो गईं तो देश की राजनीति में मध्य प्रदेश का डंका बज सकता है। यह बताने की जरूरत नहीं है कि देश की राजनीति में इस समय भाजपा का दौर चल रहा है। दो महत्वपूर्ण पद खाली भी हैं। जिन पर नेताओं का चयन भाजपा नेतृत्व को करना है। पहला, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का टल रहा चुनाव कभी भी हो सकता है और दूसरा, जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद से उप राष्ट्रपति का पद खाली है। इसके लिए भी चुनाव की तैयारी आयोग ने शुरू कर दी है। इन दोनों पदों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जो नाम चल रहे हैं, उनमें दो मप्र के दिग्गज नेताओं के भी हैं।
इनमें एक हैं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और दूसरे कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत। शिवराज 16 साल से ज्यादा समय तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। खबर है कि भाजपा अध्यक्ष के लिए उनका नाम गंभीरता से चल रहा है। आरएसएस भी उनके समर्थन में बताया जा रहा है। दूसरे थावरचंद पार्टी का दलित चेहरा हैं और भाजपा की राजनीति में लगातार पॉवर में रहे हैं। गहलाेत का नाम उप राष्ट्रपति पद के लिए चल रहा है। सोचिए, यदि भाजपा अध्यक्ष और उप राष्ट्रपति पद पर इन नेताओं को चुन लिया जाए तो देश की राजनीति में मप्र कहां पहुंच जाएगा? सूत्र बताते हैं, यह असंभव नहीं, संभव हो सकता है।