खतरा राहुल को नहीं, लोकतंत्र को राहुल से खतरा है, इंदौर में तिरंगा यात्रा में आए सीएम मोहन यादव ने कहा
राहुल गांधी को कोई खतरा नहीं, बल्कि लोकतंत्र को राहुल गांधी से खतरा है। दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस और कांग्रेस के लोग लोकतंत्र का सम्मान करना नहीं जानते। कांग्रेस के पापों के कारण वर्ष 1947 में पांच नदियों वाले पंजाब का बंटवारा हुआ। कांग्रेस नेतृत्व को इसके लिए माफी मांगना चाहिए, लेकिन वे तो सुप्रीम कोर्ट चले गए ताकि हम बंटवारे पर बात ही न कर सकें। कांग्रेस का यह पाप सात जन्म तक उसका पीछा नहीं छोड़ेगा। ऑपरेशन सिंदूर के बाद जब पूरा देश एकजुट होकर खड़ा है, कांग्रेस चुनाव आयोग पर सवाल खड़ा कर रही है। कांग्रेस के लोग एक के बाद एक गलती कर रहे हैं।
यह बात मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर में कही। वे भारतीय सेना के सम्मान में बुधवार शाम निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उसके नेता हमारी सेना का अपमान करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नए दौर में प्रवेश कर रहा है। देश ने बता दिया है कि अब कोई अन्याय सहन नहीं किया जाएगा।