Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
पीएम मित्र पार्क देगा उद्योगों को नई उड़ान, सीएम डॉ. यादव बोले- यह मध्यप्रदेश नहीं ये है मॉडल प्रदेश

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को दिल्ली में आयोजित “इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन पीएम मित्र पार्क” इंटरैक्टिव सेशन में कहा कि प्रदेश अब केवल मध्यप्रदेश नहीं, बल्कि "मॉडल प्रदेश" बन गया है। उन्होंने कहा कि पीएम मित्र पार्क (Pradhan Mantri Mega Integrated Textile Region and Apparel) उद्योगों और निवेश के लिए नई उड़ान साबित होगा। कपास उत्पादन में अग्रणी मध्यप्रदेश, गुजरात के साथ मिलकर टैक्सटाइल सेक्टर को नई पहचान देने जा रहा है। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में कच्चे माल से लेकर उत्पादन तक की पूरी वैल्यू चेन मौजूद है। यहां मजबूत कानून व्यवस्था, बेहतर अधोसंरचना और निवेशकों की अपेक्षाओं पर खरे उतरने वाली सभी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। बता दें कि देश में 7 पीएम मित्र पार्क बनाए जा रहे हैं। इनमें मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर का पार्क सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है। उम्मीद है कि इन पार्कों के जरिये 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश और लगभग 10 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि “मध्यप्रदेश अब निवेशकों का भरोसेमंद गंतव्य है। यह प्रदेश नहीं, बल्कि मॉडल प्रदेश बन चुका है। 

पीएम मोदी के विजन से बदल रहा टैक्सटाइल सेक्टर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर स्तर पर किसान, बाजार और परंपराओं को नई गति देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उनके मार्गदर्शन में भारत का टैक्सटाइल सेक्टर एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। प्राचीन काल से भारत कपड़ा, मसाला और आभूषण व्यापार में अग्रणी रहा है, लेकिन तकनीक की कमी ने हमारी क्षमताओं को सीमित किया। अब केंद्र सरकार ने आयात शुल्क में राहत और प्रोत्साहन योजनाओं से इस क्षेत्र को फिर से वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त किया है। डॉ. यादव ने कहा कि पीएम मित्र पार्क युवाओं के लिए रोजगार और प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर बनेगा। उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि “भले ही समय कठिन हो, लेकिन यही सही समय है निवेश का।

उद्योगपतियों को मिल सकती है खुशखबरी

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कार्यक्रम में कहा कि मंत्रालय उद्योगपतियों के सुझावों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीएसटी काउंसिल और कैबिनेट की आगामी बैठकों के बाद उद्योगों के लिए सकारात्मक फैसले आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि टैक्सटाइल सेक्टर का वैश्विक बाजार 800 अरब डॉलर का है और भारत ने 40 देशों में निर्यात बढ़ाने की योजना तैयार कर ली है। गिरिराज सिंह ने निवेशकों से कहा कि वे धार जिले के पीएम मित्र पार्क में निवेश करें। यहां की सुविधाएं और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का प्रो-इंडस्ट्रियल रवैया निवेशकों के लिए भरोसेमंद माहौल तैयार करता है।

Share This News :