मध्य प्रदेश में सतना, रायसेन समेत 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल। प्रदेश में गरज-चमक के साथ छिटपुट वर्षा का सिलसिला जारी है। सोमवार शाम 5:30 बजे तक प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज हुई है।
रायसेन में सबसे अधिक 51 मिलीमीटर (मिमी), सतना में 32 मिमी, नर्मदापुरम में 20 मिमी, सिवनी में 18 मिमी और पचमढ़ी में 31 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा 17 अन्य स्थानों पर भी वर्षा हुई। उधर, राजधानी भोपाल में दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे और उमस रही। जबकि शाम को अलग-अलग क्षेत्रों में कुछ देर के लिए जमकर बरसात हुई। इससे शहर की फिजा में ठंडक घुल गई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। वर्तमान में उत्तरी तेलंगाना और पूर्वी बिहार की ओर हवा के ऊपरी हिस्सों में चक्रवात सक्रिय हैं, जो 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर बने हुए हैं। इन्हीं सिस्टम की वजह से प्रदेश में आगामी दो से तीन दिन तक छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा।
मौसम की स्थिति देखें तो प्रदेश का अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। दिनभर धूप-छांव और आसमान पर बादलों की मौजूदगी के चलते गरज-चमक के साथ बारिश का वातावरण बन रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है।