Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
जल्लीकट्टू पर अध्यादेश को कानून मंत्रालय ने दी मंजूरी

जल्लीकट्टू पर अध्यादेश को कानून मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है. सूत्रों के मुताबिक तमिलनाडु सरकार ने अध्यादेश पारित कर गृहमंत्रालय को भेजा था, जो कानून मंत्रालय तक पहुंचा, जिसके बाद इसे राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए भेज दिया गया है.

इससे पहले चेन्नई के एगमोर रेलवे स्टेशन पर डीएमके कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर धावा बोल दिया और स्टेशन के सामने लगी पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर जबरन रेलवे स्टेशन परिसर में घुस गए.

यहां डीएमके नेता कनिमोझी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता रेल रोकने पहुंचे, लेकिन रेलवे स्टेशन के गेट पर पुलिस का भारी पहरा था. ऐसे में स्टेशन के अंदर घुसने के लिए डीएमके कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच खूब ज़ोर आजमाइश हुई. आखिरकार डीएमके कार्यकर्ताओं बैरिकेडिंग तोड़ ही दी.

वहीं, चेन्नई के ही ममबलम स्टेशन पर डीएमके नेता एम स्टालिन भारी संख्या में समर्थकों के साथ रेल रोकने पहुंचे. जहां पुलिस ने उन्हें समर्थकों के साथ हिरासत में ले लिया. जल्लीकट्टू के समर्थन में डीएमके के रेल रोको अभियान का असर पूरे राज्य के स्टेशनों पर दिखा.

इस दौरान जगह जगह डीएमके कार्यकर्ताओं और पुलिस में भिड़ंत हुई. साथ ही पार्टी के सभी बड़े नेताओं ने समर्थकों के साथ गिरफ्तारी भी दी. इस बीच साउथ इंडियन आर्टिस्ट एसोसिएशन भी जल्लीकट्टू के समर्थन में उतर आया. इससे जुड़े कलाकार काली टी शर्ट पहने सड़कों पर दिखे. इस प्रदर्शन में सुपरस्टार रजनीकांत भी शामिल हुए.

Share This News :